हिंदी
पोलिंग पार्टियों ने संभाली कमान (Image: Dynamite News)
मतदान की तैयारियों के तहत बीकेडी कॉलेज परिसर में पोलिंग पार्टियों को आवश्यक मतदान सामग्री और दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने रवानगी स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी जरूरी प्रपत्रों का मिलान करने के बाद ही अपने निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना हों।
डीएम ने मतदाता सूची, मतदान सामग्री, मतपेटिका को सील करने से संबंधित सामग्री और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं।
झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 31 मतदान केंद्र और 47 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां 25,220 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मतदान कर्मियों को निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक अधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा क्षेत्राधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे को व्यवस्थित रखने और निर्धारित प्रतिबंधों का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। महिला मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के बाद जिलाधिकारी गौरांग राठी ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी स्थित मतदेय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
Location : Jhansi
Published : 22 October 2026, 6:04 PM IST