पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, राफेल-तेजस ने भरी उड़ान

सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वायुसेना का युद्धाभ्यास हुआ, जिसमें तेजस, राफेल और मिराज जैसे फाइटर जेट्स ने लैंडिंग और टेकऑफ किया। इस अभ्यास से वायुसेना की ताकत और एक्सप्रेसवे की मजबूती का प्रदर्शन हुआ।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 22 April 2026, 3:19 PM IST

Sultanpur: यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आज भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो आयोजित किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्साह और गर्व से भर दिया। दोपहर 2 बजे शुरू हुए इस एयर शो में आधुनिक लड़ाकू विमानों और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ने अपनी ताकत और क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

C295 से हुई एयर शो की शुरुआत

एयर शो की शुरुआत वायुसेना के C295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट से हुई, जिसने एक्सप्रेस-वे पर बने विशेष रनवे पर सफल लैंडिंग की। इसके बाद जगुआर फाइटर जेट ने उड़ान भरकर कार्यक्रम को और रोमांचक बना दिया। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

सुखोई, मिराज और तेजस की दमदार उड़ान

कार्यक्रम में सुखोई, मिराज और तेजस जैसे 9 लड़ाकू विमानों ने टेकऑफ और लैंडिंग का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि तीन मिराज विमानों ने एक साथ आसमान में उड़ान भरकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इन विमानों की भूमिका करगिल युद्ध से लेकर बालाकोट एयर स्ट्राइक तक बेहद अहम रही है।

6 घंटे का एयर शो, 5 किलोमीटर एरिया सील

यह एयर शो लगभग 6 घंटे तक चलने वाला है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस-वे के आसपास 5 किलोमीटर का क्षेत्र पूरी तरह सील कर दिया गया है। प्रशासन ने किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

सुल्तानपुरी में युवक की हत्या से उबाल, आरोपी के घर तोड़फोड़, जानिये पुलिस कर रही है क्या?

भारी भीड़ और उत्साह का माहौल

एयर शो देखने के लिए एक्सप्रेस-वे के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने मोबाइल फोन से लगातार वीडियो बना रहे हैं। जैसे ही कोई विमान रनवे पर उतरता या उड़ान भरता, भीड़ में खासकर बच्चों का उत्साह देखने लायक होता है। बच्चे इस रोमांचक दृश्य को कैद करने के लिए दौड़ पड़ते हैं।

लड़ाकू विमानों की लैंडिंग (सोर्स- इंटरनेट)

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओपी राजभर भी एयरस्ट्रिप पर मौजूद रहे। उनके साथ जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम और अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने व्यवस्था और सुरक्षा की निगरानी की।

पूर्व में भी हुआ था अभ्यास

गौरतलब है कि मंगलवार को भी वायुसेना के नौ लड़ाकू विमानों ने यहां करीब एक घंटे तक अभ्यास किया था। इससे पहले जून 2023 में भी इसी तरह का एयर शो आयोजित किया गया था, जो चार घंटे तक चला था।

पुलिस पर हमला करने वाला सुल्तानपुर का इनामी बदमाश ऐसे फंसा पुलिस के फंदे में

रणनीतिक और राष्ट्रीय महत्व

लखनऊ से गाजीपुर तक बने 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण लगभग 22,494 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। इसका निर्माण अक्टूबर 2018 में शुरू होकर सितंबर 2021 में पूरा हुआ था। 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था और वायुसेना के हरक्युलिस विमान से यहां लैंडिंग कर इसकी उपयोगिता को दर्शाया था। प्रशासन का मानना है कि ऐसे एयर शो से इस क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

Location :  Sultanpur

Published :  22 April 2026, 3:19 PM IST