Maharajganj : 205 दिन बाद खत्म हुआ नौतनवा तहसील का आंदोलन, उपनिबंधक संदीप के रिलीव का मिला प्रमाण

नौतनवा तहसील परिसर में उपनिबंधक संदीप दौड़ के खिलाफ 205 दिनों से चल रहा आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया। अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला ने लिखित रिलीव आदेश मिलने के बाद हड़ताल खत्म करने की घोषणा की और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की जीत बताया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 May 2026, 3:25 PM IST

Maharajganj : नौतनवा तहसील परिसर में उपनिबंधक संदीप दौड़ के खिलाफ कई महीनों से चल रहा आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अधिवक्ता एवं किसान नेता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला एडवोकेट द्वारा शुरू किया गया यह आंदोलन पहले चरण में 46 दिन और दूसरे चरण में लगातार 205 दिनों तक चला। लंबे समय से जारी इस धरने ने स्थानीय प्रशासन और निबंधन विभाग पर लगातार दबाव बनाए रखा।

स्थानांतरण के बाद भी जारी रहा आंदोलन

जानकारी के अनुसार उपनिबंधक संदीप दौड़ का स्थानांतरण अपर महानिरीक्षक निबंधन लखनऊ द्वारा 20 मई को कर दिया गया था, लेकिन रिलीव प्रक्रिया में देरी के कारण आंदोलन समाप्त नहीं किया गया। आंदोलनकारी अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला का कहना था कि जब तक उन्हें लिखित रूप में रिलीव होने का प्रमाण नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।

इसी क्रम में सहायक महानिरीक्षक निबंधन महराजगंज आलोक शुक्ला स्वयं नौतनवा तहसील पहुंचे और धरनास्थल पर आंदोलनकारियों को उपनिबंधक के रिलीव होने की आधिकारिक लिखित सूचना सौंपी। इसके बाद नागेंद्र शुक्ला ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

महाराजगंज में खौफनाक वारदात: शराब के विरोध में खून-खराबा, 3 घायल; जानें क्या है पूरा मामला

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को बताया जनता की जीत

धरना समाप्त होने के बाद अनशन स्थल से बैनर और पोस्टर हटाए गए। इस दौरान नागेंद्र प्रसाद शुक्ला एडवोकेट ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई सही साबित हुई है। उन्होंने इसे अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों, मीडिया कर्मियों और आम जनता के समर्थन की जीत बताया।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यों के खिलाफ उनकी आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे अधिवक्ता और समर्थक

इस मौके पर रेवेन्यू बार एसोसिएशन नौतनवा के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, मंत्री दयानंद यादव, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा, सुधीर शुक्ला, मुकेश तिवारी, शेख समसुद्दीन, अनिल कुमार शर्मा, अशोक तिवारी, प्रभाकर विश्वकर्मा, रामअजोर यादव, दीपेंद्र प्रजापति, अमरीश मौर्य, अमित सिंह और धर्मेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  27 May 2026, 3:25 PM IST