हिंदी
रायबरेली: जनपद के आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में आज विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा तथा आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण अभियान का प्रारम्भ किया। इसी कड़ी में आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा ने आरेडिका के इको कम जोगर्स पार्क में महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं के साथ वृक्षारोपण किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार महाप्रबंधक ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस-2025 की थीम ' प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं ' है प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए प्लास्टिक से बनी वस्तुओं का उपयोग कम से कम करें, सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से पूर्णतः बचें, बाजार से सामान लाने हेतु कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग करें। हम अपने संसाधनों का संतुलित एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करे जिससे आने वाली पीढ़ियों को संसाधनों की कमी का सामना न करना पडे़।
आरेडिका में पर्यावरण संरक्षण के लिए तापीय विद्युत के स्थान पर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढाया जा रहा है आज आरेडिका में 4.08 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, जो कुल उपभोग का लगभग 35 प्रतिशत है। गतवर्षों में आरेडिका में 332600 पौधों का तथा 120600 बीजों का रोपण किया गया। आरेडिका में जल संरक्षण के लिए 10 बोरवेल, 12 तालाबों एवे 29 वर्षा जल संचयन केन्द्र बनाए गये हैं, इनके द्वारा 631 मिलियन लीटर जल का प्रति वर्ष संचयन हो रहा है। आगे भविष्य में आरेडिका जितने जल का उपयोग करेगा उतना भूमि में रिचार्ज करने की योजना है। आरेडिका ग्लोबल वार्मिंग एवं कार्बन फुट प्रिन्ट जैसे मानको के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा। इसी लिए आज आरेडिका की पहचान एक हरित परिसर के रूप में हो रही है।
आरेडिका के प्रधान मुख्य अभियंता सत्य प्रकाश यादव, ने बताया कि आज पीपल, अमलताश, गुलमोहर, कचनार, पाकड़, करेंज, चितवन, आदि के 900 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर आरेडिका के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान मुख्य अभियंता सत्य प्रकाश यादव, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र, सहित उच्च अधिकारी और कर्मचारी ने वृक्षारोपण में सहभागिता की।
Location : Raebareli
Published : 6 June 2025, 3:22 PM IST
Topics : Dynamite News Modern rail coach factory raebareli plantation Raebareli World environment day 2025