प्रयागराज: गंगा नदी में नहाने गए दो सगे भाई डूबे, तीन घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

संगमनगरी नवाबगंज थाना क्षेत्र के डांडी गांव के सामने रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने गए दो सगे भाई डूब गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 May 2026, 1:27 PM IST

Prayagarj: प्रयागराज गंगापार के नवाबगंज थाना क्षेत्र के डांडी गांव के सामने रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने गए दो सगे भाई डूब गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

डांडी गांव के रहने वाले थे दोनों भाई

जानकारी के अनुसार, डांडी गांव निवासी अल्ताफउद्दीन के बेटे 24 वर्षीय मोहम्मद काश और 18 वर्षीय मोहम्मद कैश रविवार सुबह करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से गंगा घाट पर नहाने गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय छोटा भाई मोहम्मद कैश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई मोहम्मद काश भी नदी में कूद गया, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों भाई डूब गए।

तीन घंटे तक चली तलाश

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते गंगा घाट पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक लगातार तलाश अभियान चलाया, लेकिन दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया, लेकिन दोपहर 12 बजे तक टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस देरी को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय पर राहत एवं बचाव दल पहुंचता तो स्थिति बेहतर हो सकती थी।

राहत और बचाव कार्य जारी

फिलहाल स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश जारी है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location :  Prayagraj

Published :  17 May 2026, 1:27 PM IST