
1.03 करोड़ की स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार(Img: Dynamite news)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फाफामऊ थाना पुलिस और सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 515 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 3 बजे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान फाफामऊ थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के पास अवैध स्मैक होने की सूचना मिली। इसके बाद फाफामऊ पुलिस और सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई मलाक हरहर स्थित सिंगला कंस्ट्रक्शन ऑफिस वाले रोड के पास की गई।
जनगणना-2027: घर बैठे मोबाइल से भरें फॉर्म, 30 नवंबर आखिरी तारीख; जानिए पूरा प्रोसेस
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनाउल्लाह उर्फ रानू, मोहम्मद कैफ और मनोज बारी के रूप में की है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से अलग-अलग मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, सनाउल्लाह उर्फ रानू के पास से 201 ग्राम, मोहम्मद कैफ के पास से 138 ग्राम और मनोज बारी के पास से 176 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस तरह कुल 515 ग्राम अवैध स्मैक पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, सनाउल्लाह उर्फ रानू (35) पुराना कटरा, थाना कर्नलगंज का निवासी है। उसके खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, मनोज बारी (46) भी पुराना कटरा का निवासी है। उसके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम और सार्वजनिक जुआ अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी मोहम्मद कैफ (24) निवासी हरवारा, थाना धूमनगंज के आपराधिक इतिहास का विवरण पुलिस की ओर से जारी सूचना में नहीं दिया गया है।
राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड: दो मौतों के बाद जागा KDA, अवैध बिल्डिंगों पर चला कार्रवाई का डंडा
पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी और स्मैक की बरामदगी के आधार पर फाफामऊ थाने में मुकदमा संख्या 267/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में, डीसीपी गंगानगर तथा एसीपी सोरांव के पर्यवेक्षण और नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक सिंह यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी सुखचैन तिवारी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
Location : prayagraj
Published : 17 November 2026, 9:53 PM IST