रामलीला देखने जा रहे थे वकील साहब, तभी रास्त में हो गई ताबड़तोड़ फायरिंग; नकाबपोशों ने किया हमला

प्रयागराज के कोरांव में रामलीला देखने जा रहे अधिवक्ता प्रशांत पांडेय पर चार नकाबपोश हमलावरों ने गोली चला दी। दो बाइकों पर आए आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए। गोली अधिवक्ता के बाएं हाथ में लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 29 October 2026, 3:42 PM IST
google-preferred

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रामलीला देखने जा रहे एक अधिवक्ता पर गोली चलाने की घटना सामने आई है। कोरांव क्षेत्र में दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने प्रशांत पांडेय को निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। गोली उनके बाएं हाथ में लगी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। 

रामलीला देखने जाते समय हुआ हमला

प्रयागराज के यमुनापार इलाके में कोरांव थाना क्षेत्र के पत्थरताल गांव में बुधवार रात अधिवक्ता प्रशांत पांडेय (45) पर फायरिंग की गई। जानकारी के मुताबिक, वह खाना खाने के बाद गांव के हनुमान मंदिर में आयोजित रामलीला देखने के लिए निकले थे।

रास्ते में देवघाट मार्ग पर वह अपने पड़ोसी को भी रामलीला देखने के लिए बुलाने जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर: विकास भवन में गंदगी और कबाड़ देख भड़के सीडीओ, कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी

अस्पताल में कराया गया भर्ती

गोली लगने के बाद प्रशांत पांडेय किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कोरांव लेकर गए।वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

अधिवक्ता के भाई अतुल पांडेय के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। 

दो बाइकों पर आए थे चार नकाबपोश

घटना को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात की खबर फैलते ही गांव में लोगों के बीच चिंता और दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि अधिवक्ता पर हमला क्यों किया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या कोई दूसरी वजह।

CCTV फुटेज से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश

फायरिंग की सूचना मिलने के बाद कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कोरांव थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।

ये भी पढ़ें- Budaun News: चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश में 25 वर्षीय युवक के साथ हुआ हादसा, इलाज के दौरान मौत

अधिवक्ताओं ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। वहीं, अधिवक्ताओं ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Location :  Prayagraj

Published :  29 October 2026, 3:42 PM IST

Advertisement