प्रयागराज में 4887 मतदेय स्थलों को मंजूरी, डीएम ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने को कहा

प्रयागराज में आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के 4887 मतदेय स्थलों को मंजूरी दे दी गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने पर जोर दिया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 6 November 2026, 9:51 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने मतदेय स्थलों और मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को अनुमोदित कर दिया गया है। इसके बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

4887 मतदेय स्थलों की सूची राजनीतिक दलों को सौंपी

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग की ओर से अनुमोदित मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने सभी दलों से जिले के कुल 4887 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बूथ स्तर पर एजेंटों की नियुक्ति से मतदाता सूची की जांच और उसमें मौजूद कमियों को दूर करने में भी मदद मिलेगी।

गोरखपुर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 45 टेट्रा पैक के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

18 साल से अधिक उम्र के युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूटना नहीं चाहिए। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से डिग्री कॉलेजों में अभियान चलाने और पात्र छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों और राशन दुकानदारों के सहयोग से भी पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी। राशन लेने आने वाले परिवारों के सदस्यों में जो भी पात्र हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर जोर दिया गया।

सीतापुर में भीषण सड़क हादसा; ट्रक की टक्कर से 5 महिलाओं की मौत, 6 घायल

फॉर्म-6, 7 और 8 से होगा मतदाता सूची में सुधार

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, गलत प्रविष्टियों को सुधारने और अपात्र नाम हटाने की प्रक्रिया भी स्पष्ट की। नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 और गलत तरीके से दर्ज नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और बीएलओ को पूरी सतर्कता से काम करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। फोटोयुक्त मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और दोहरी प्रविष्टियों को हटाने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए, ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों, कोटेदारों और शहरी क्षेत्रों के सभासदों से सहयोग मांगा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (ना०आ०), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Lucknow

Published :  6 November 2026, 9:51 PM IST