
तापगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा (Image Source: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लालगंज के सगरा सुंदरपुर बाजार के पास लक्ष्मणपुर रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची लीलापुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहीं, हादसे में दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, लीलापुर थाना क्षेत्र के पूरे पांडेय पतुलकी निवासी चित्रभान सिंह (45), संदीप सिंह (34) और आदित्य सिंह (32) मंगलवार रात करीब 10 बजे एक बाइक से अपने घर जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर पतुलकी निवासी सम्राट सिंह (15) और लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सादासई निवासी अनुराग सिंह (18) सवार बताए गए हैं।
इसी दौरान सगरा सुंदरपुर बाजार के पास लक्ष्मणपुर रोड पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से लीलापुर पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एक अन्य घायल का लालगंज ट्रामा सेंटर में ही उपचार चल रहा है।
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि सड़क हादसे में भूपेंद्र सिंह और चित्रभान सिंह की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया है। सीओ ने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था सामान्य है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 24 November 2026, 11:02 PM IST