आपने कभी देखी ऐसी शादी? बारात लेकर साजन के घर घोड़ी पर पहुंची दुल्हन, फिर पुलिस की एंट्री और खुला बड़ा राज

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक अनोखी शादी देखने को मिली, जहां दूल्हे की जगह दुल्हन 100 से ज्यादा बारातियों को लेकर करीब 50 किलोमीटर दूर से उसके घर पहुंची। दोनों परिवारों की सहमति से हुई इस शादी में बैंड-बाजे के साथ बारात का स्वागत किया गया। अनोखी परंपरा ने पूरे इलाके का ध्यान खींच लिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 November 2026, 3:12 PM IST
Pratapgarh News: आपने अक्सर दूल्हे को घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर दुल्हन के घर जाते देखा होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक ऐसी शादी हुई, जिसने सालों पुरानी परंपरा को ही बदल दिया। यहां दूल्हा बारात लेकर नहीं निकला, बल्कि दुल्हन खुद 100 से ज्यादा बारातियों को लेकर अपने होने वाले पति के घर पहुंच गई। बैंड-बाजे की धुन पर नाचते-गाते बाराती जब दूल्हे के दरवाजे पहुंचे तो पूरा गांव इस अनोखे नजारे को देखने के लिए उमड़ पड़ा। करीब 50 किलोमीटर दूर महेशगंज से आई दुल्हन खुशी का दूल्हे के परिवार ने बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की रस्में पूरी की गई। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।

दूल्हे के घर पहुंची दुल्हन की बारात, देखने वालों की लगी भीड़

यह अनोखी शादी प्रतापगढ़ के मांधाता थाना क्षेत्र के कैला कला गांव में रविवार रात हुई। गांव के रहने वाले रामफल प्रजापति के बेटे सर्वेश प्रजापति की शादी महेशगंज के फतूहाबाद जगापुर निवासी शिवपूजन प्रजापति की बेटी खुशी के साथ तय हुई थी।

रविवार रात सर्वेश के घर शादी की तैयारियां पूरी थी। वर पक्ष भी बारात के स्वागत के लिए तैयार बैठा था, लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। दूल्हे के दरवाजे पर दुल्हन की बारात पहुंच गई। खुशी अपने परिवार और 100 से ज्यादा बारातियों के साथ बैंड-बाजे की धुन पर नाचते-गाते कैला कला गांव पहुंची। दुल्हन को इस तरह बारात लेकर आता देख गांव के लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

दूल्हे से शादी करने आई दुल्हन (Image: Dynamite News)

दोनों परिवारों ने मिलकर बदली शादी की परंपरा

इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि दुल्हन की बारात लाने का फैसला किसी विवाद या मजबूरी में नहीं, बल्कि दोनों परिवारों की आपसी सहमति से लिया गया था। दुल्हन के पिता शिवपूजन प्रजापति ने बताया कि शादी को हमेशा के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से दोनों परिवारों ने तय किया था कि इस बार वधू पक्ष बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंचेगा।

इसी फैसले के तहत महेशगंज से करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय करके खुशी की बारात सर्वेश के घर पहुंची। वर पक्ष ने भी इस पहल का खुले दिल से स्वागत किया। बैंड-बाजे के साथ बारातियों की अगवानी की गई और मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत-सत्कार हुआ।

बुजुर्ग भी बोले- जिंदगी में पहली बार देखा ऐसा नजारा

दुल्हन की बारात गांव पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी इसे देखने पहुंच गए। गांव के बुजुर्गों के लिए भी यह नजारा किसी हैरानी से कम नहीं था। उनका कहना था कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार किसी दुल्हन को इस तरह 100 से अधिक बारातियों के साथ दूल्हे के घर आते देखा है।

अपने साजन को लेने दुल्हन लेकर आई बारात (Image: Dynamite News)

स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना था कि शादी के इस अनोखे अंदाज ने पूरे गांव में उत्साह का माहौल बना दिया। आधुनिक दौर में जहां शादियां मैरिज हॉल और बड़े-बड़े आयोजनों तक सीमित होती जा रही हैं, वहीं इस तरह पारंपरिक अंदाज में निकली दुल्हन की बारात ने लोगों का ध्यान खींचा।

पुलिस भी पहुंची, लेकिन शांतिपूर्ण माहौल देखकर लौटी

देर रात दुल्हन की बारात दूल्हे के घर पहुंचने की सूचना स्थानीय पुलिस तक भी पहुंच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि, जब पुलिस को पता चला कि दोनों परिवारों की सहमति से खुशी-खुशी शादी का आयोजन किया जा रहा है और वहां सबकुछ शांतिपूर्ण है, तो टीम वापस लौट गई।

इसके बाद शादी की रस्में पारंपरिक तरीके से पूरी की गईं और सर्वेश तथा खुशी विवाह के बंधन में बंध गए। फिलहाल प्रतापगढ़ की यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Location :  Pratapgarh

Published :  23 November 2026, 3:05 PM IST