महराजगंज में डाकघर घोटाले से हड़कंप : गायब हुए 11 लाख रुपये, अधिकारी पर केस दर्ज

महराजगंज के ठूठीबारी उपडाकघर में लाखों रुपये के सरकारी धन के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। विभागीय जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि के बाद तत्कालीन उपडाकपाल भोला नाथ चौधरी के खिलाफ थाना ठूठीबारी में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 June 2026, 5:24 AM IST

Maharajganj : जनपद के ठूठीबारी उपडाकघर में सरकारी धन के गबन का गंभीर मामला सामने आने के बाद डाक विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय जांच में लगभग 11 लाख 20 हजार रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। इसके बाद तत्कालीन उपडाकपाल एवं वर्तमान में महराजगंज प्रधान डाकघर में तैनात डाक सहायक भोला नाथ चौधरी के खिलाफ ठूठीबारी थाने में आईपीसी की धारा 409 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जांच में सामने आई भारी वित्तीय गड़बड़ी

जानकारी के अनुसार, भोला नाथ चौधरी 16 दिसंबर 2021 से 2 जुलाई 2024 तक ठूठीबारी उपडाकघर में उपडाकपाल के पद पर तैनात थे। 3 जुलाई 2024 को डाक निरीक्षक द्वारा किए गए नगदी सत्यापन में 10 लाख 98 हजार 306 रुपये की सरकारी धनराशि का कोई हिसाब नहीं मिल सका। जब संबंधित अधिकारी से दस्तावेज और वाउचर मांगे गए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

बीमा प्रीमियम की राशि भी गायब

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पीएलआई और आरपीएलआई प्रीमियम की दो अलग-अलग किश्तें, जिनकी राशि 19,540 रुपये और 2,428 रुपये थी, सिस्टम में जमा तो दिखाई गईं लेकिन सरकारी खाते में दर्ज नहीं की गईं। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा है और मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

महराजगंज के डीएम की अफसरों को कड़ी चेतावनी, CM डैशबोर्ड की रैंकिंग में गिरावट पर अल्टीमेटम

विभागीय जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

विभागीय जांच में कुल 11 लाख 20 हजार 274 रुपये के गबन और दुर्विनियोजन की पुष्टि होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की गई। इसके आधार पर ठूठीबारी थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो और धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं डाक विभाग भी अपने स्तर पर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कर रहा है।

Location :  Maharajganj

Published :  13 June 2026, 5:24 AM IST