मुजफ्फरनगर में गायों के दुश्मनों को पुलिस ने मारी गोली, हिस्ट्रीशीटर शोएब हुआ लंगड़ा

मुजफ्फरनगर में गौकशी की तैयारी कर रहे कथित आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर शोएब उर्फ भूरा घायल हुआ, जबकि तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण और एक गोवंश बरामद करने का दावा किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 31 August 2026, 5:48 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गौकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे कथित गौकशों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली नगर पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि मौके से गौकशी के उपकरण, तमंचा और एक जीवित गोवंश बरामद किया गया है।

जंगल में हुई पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई नियाजीपुरा से काली नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर जंगल क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि वहां मौजूद आरोपियों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान शोएब उर्फ भूरा के रूप में हुई है।

हिस्ट्रीशीटर शोएब के पैर में लगी गोली

सीओ मंडी मुजफ्फरनगर राजकुमार साव ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान शोएब उर्फ भूरा के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, शोएब मीमलाना थाना क्षेत्र का रहने वाला है और हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ गौकशी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, कुछ फरार

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य आरोपियों को भी मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफसर अली निवासी मीमलाना, उमेद निवासी शहीद चौक खालापार और जावेद निवासी खालापार के रूप में हुई है। वहीं, कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर काली नदी की तरफ भागने में सफल रहे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए इलाके में कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है।

तमंचा और गौकशी के उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, रस्सी और प्लास्टिक के बोरे बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश भी बरामद किया है। पुलिस अब बरामद सामान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  31 August 2026, 5:48 PM IST

Advertisement