गोरखपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 89 वाहनों का चालान

गोरखपुर के खजनी कस्बे में बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी विवेक तिवारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 89 वाहनों का चालान किया गया और नियम तोड़ने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी कस्बे में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियों के बीच पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। सड़क पर स्टंट, बिना नंबर प्लेट की बाइक, ट्रिपल राइडिंग और तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से परेशान लोगों को राहत देने के लिए खजनी पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग रास्ता बदलकर भागते नजर आए।

प्रमुख चौराहों पर चला चेकिंग अभियान

यह अभियान क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयन्त सिंह की मौजूदगी में चलाया गया। पुलिस टीम ने खजनी कस्बा, कटघर तिराहा और स्टेट बैंक तिराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक चलाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वाले युवकों, तेज रफ्तार वाहन चालकों और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने वाले बुलेट चालकों को रोककर पूछताछ की गई।

पुलिस ने कई संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी ली और चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जिन लोगों के पास दस्तावेज नहीं मिले या जो नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई।

89 वाहनों का काटा गया चालान

अभियान के दौरान कुल 89 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। खासतौर पर उन बाइक चालकों पर नजर रखी जा रही है जो बिना नंबर प्लेट वाहन चलाते हैं या फिर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर शोर मचाते हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

युवाओं से नियम पालन की अपील

सीओ खजनी विवेक तिवारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी सिर्फ चालक ही नहीं बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन सकती है। उन्होंने युवाओं से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराने की अपील की।

पुलिस के इस अभियान को लेकर आम लोगों ने भी संतोष जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और तेज आवाज वाले वाहनों की वजह से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 May 2026, 1:34 AM IST

Advertisement