पट्टे के तालाब में घोला गया जहर! लाखों की मछलियां तड़प-तड़प कर मरीं, पुरानी रंजिश का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

महराजगंज के चौक थाना क्षेत्र के सेढ़ाई गांव में पट्टे के तालाब में जहरीला पदार्थ डालने का आरोप सामने आया है। घटना में लाखों रुपये की मछलियों के मरने का दावा किया गया है। पीड़ित ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 August 2026, 5:58 PM IST
google-preferred

Maharajganj: चौक थाना क्षेत्र के सेढ़ाई गांव में एक पट्टे के तालाब में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ डालकर लाखों रुपये की मछलियों को मार देने का मामला सामने आया है। शनिवार को जब तालाब का पानी मरी हुई मछलियों से भर गया तो इलाके में हड़कंप मच गया। मछलियां पानी की सतह पर तैरती नजर आईं और देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ित मछली पालक ने इसे पुरानी रंजिश का नतीजा बताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ चौक थाने में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

10 साल के पट्टे पर लिया था तालाब

सेढ़ाई गांव निवासी भोलू पटेल पुत्र पृथ्वीपति पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने ग्राम सभा का कटहिया पोखरा करीब 7 लाख रुपये में 10 वर्षों के लिए पट्टे पर लिया है। पीड़ित के अनुसार, लगभग दो महीने पहले उन्होंने मछली पालन के लिए तालाब में 350 से 360 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मछलियों के बच्चे डलवाए थे। इसके अलावा तालाब की सफाई, घाट की मरम्मत, चारा और मजदूरों की मजदूरी सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी एक लाख रुपये से अधिक खर्च किया गया था।

नौकरी दिलाने के नाम पर महराजगंज के युवक से 6.86 लाख की ठगी का आरोप, गौतमबुद्ध नगर से जुड़े आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

जहरीला पदार्थ डालने का आरोप

भोलू पटेल का आरोप है कि 31 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे गांव के कुछ अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया। उनका कहना है कि कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में मछलियां तड़पने लगीं और फिर मरकर पानी की सतह पर तैरने लगीं। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

लाखों के नुकसान का दावा

पीड़ित का कहना है कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि मछली पालन ही उनकी आय का प्रमुख स्रोत था और इस घटना के बाद उनकी आजीविका पर भी संकट खड़ा हो गया है। भोलू पटेल ने यह भी दावा किया है कि घटना से जुड़े फोटो और वीडियो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा है।

महराजगंज में खतरे के साए में गुजर रहे लोग, जर्जर भवन कभी भी बन सकता है मौत का कारण

पुलिस से कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने चौक थाने में तहरीर देकर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

जांच में जुटी पुलिस

चौक थाना पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  1 August 2026, 5:58 PM IST

Related News

Advertisement