Gorakhpur: पिपराइच हत्याकांड में पुलिस की सख्ती के आगे झुके फरार आरोपी, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

पिपराइच के चर्चित हत्याकांड में कई दिनों से फरार चल रहे दो आरोपियों ने आखिरकार पुलिस की लगातार दबिश के आगे हार मान ली। नवागत थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह की अगुवाई में चलाए गए अभियान का ऐसा असर हुआ कि अब इस मामले का हर नामजद आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 August 2026, 7:39 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में नामजद सभी आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

नवागत थानाध्यक्ष की रणनीति आई काम

पुलिस के मुताबिक अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा के पर्यवेक्षण में पिपराइच के नवागत थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह ने टीम के साथ कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी सख्ती और सक्रिय कार्रवाई का नतीजा रहा कि फरार आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

ये भी पढ़ें- बरेली में मौत का तांडव! बड़े बाईपास पर आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, दो की मौत, एक का पैर कटा, कई घायल

ये हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन पुत्र मुद्रिका निवासी ग्राम बेलाकांटा और विकास पुत्र कन्हैया निषाद निवासी बेलाकाटा दनाहवा टोला, थाना पिपराइच के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 103(1), 61(2) और 110 के तहत मुकदमा दर्ज है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुरानी रंजिश बनी थी हत्या की वजह

पुलिस जांच के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मिलकर वादी के साढ़ू के बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

ये भी पढ़ें- भैया की मौत की बाद भाभी पर गंदी नजर, कांड के बाद महिला बोली- ऐसा देवर हो तो दुश्मन की क्या जरूरत? अब 4 बच्चे…

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल सुनील यादव और कांस्टेबल निलेश यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की लगातार मेहनत के बाद इस चर्चित हत्याकांड में सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 August 2026, 7:16 PM IST