हिंदी
लखनऊ में NSUI कार्यकर्ता ने किया हंगामा (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: लखनऊ की सियासत उस वक्त अचानक गरमा गई, जब असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिश्व शर्मा के कथित विवादित बयान को लेकर राजधानी की सड़कों पर गुस्सा फूट पड़ा। जीपीओ चौराहा देखते ही देखते विरोध का केंद्र बन गया। जहां एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। पवन खेड़ा को लेकर दिए गए बयान ने कांग्रेस खेमे में आक्रोश की ऐसी लहर पैदा की कि मामला सीधे सड़क पर उतर आया और पुलिस को भी हालात संभालने के लिए सख्ती दिखानी पड़ी।
लखनऊ के जीपीओ चौराहे पर सुबह से ही एनएसयूआई कार्यकर्ता जुटने लगे थे। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे थे और माहौल धीरे-धीरे गरमाता जा रहा था। कुछ ही देर में भीड़ बढ़ी और पूरा इलाका राजनीतिक नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और राहुल गांधी को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की गई है। वह पूरी तरह अस्वीकार्य है और इसके लिए असम के मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
प्रदर्शन में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह सिर्फ एक बयान नहीं बल्कि राजनीतिक मर्यादा पर हमला है। उनका आरोप है कि सत्ता में बैठे लोग लगातार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक माहौल खराब हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो यह आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जैसे ही प्रदर्शन तेज हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस वैन में बैठाकर ले जाया गया, जबकि कुछ देर तक मौके पर हल्की झड़प की स्थिति भी देखने को मिली। पुलिस ने हालात को तेजी से काबू में कर लिया ताकि ट्रैफिक और आम जनता को ज्यादा परेशानी न हो।
Location : Lucknow
Published : 10 April 2026, 5:25 PM IST