नोएडा आयुष हत्याकांड: मां बोली- मुझे खून के बदले खून चाहिए, हत्या के बदले एनकाउंटर की मांग

नोएडा में 13 साल के छात्र आयुष शुक्ला की मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। परिवार ने उसके दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है और दूसरे की तलाश जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 August 2026, 7:54 PM IST
google-preferred

Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक 13 साल के छात्र की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि छात्र को उसके ही दोस्तों ने बर्थडे पार्टी के बहाने घर से बुलाया और फिर उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। सेक्टर-54 जंगल से मिले शव की पहचान मंगलवार को परिवार ने कपड़ों, बेल्ट और हाथ में बंधे कलावे से की।

16 अगस्त को घर से निकला था आयुष

मृतक आयुष शुक्ला नोएडा सेक्टर-20 का रहने वाला था और सेक्टर-24 स्थित केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र था। परिवार के मुताबिक, 16 अगस्त की शाम करीब 4 बजे आयुष ने अपनी मां और बहनों से कहा था कि वह दोस्त की बर्थडे पार्टी में जा रहा है। इसके बाद वह सेक्टर-22 के चौड़ा गांव में रहने वाले अपने दो क्लासमेट्स के साथ घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

परिवार ने थानों के लगाए चक्कर

आयुष के घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मां योगमाया शुक्ला के मुताबिक, उन्होंने 18 अगस्त को सेक्टर-12/22 पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। इसके बाद उन्हें सेक्टर-24 थाना और फिर सेक्टर-20 थाना भेजा गया। मां का आरोप है कि बेटे की तलाश के लिए वह लगातार पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगाती रहीं।

जंगल में मिला था शव

21 अगस्त की रात नोएडा सेक्टर-54 के जंगल में पुलिस को एक अज्ञात किशोर का सड़ा-गला शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सोमवार रात पुलिस ने परिवार को शव की तस्वीर दिखाई। इसके बाद मंगलवार को परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे, जहां कपड़ों, बेल्ट और कलावे के आधार पर शव की पहचान आयुष शुक्ला के रूप में की गई।

मां ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

आयुष की मां योगमाया शुक्ला ने अपने बेटे के साथ गए दोनों दोस्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों बच्चों ने आयुष के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। मां ने रोते हुए कहा कि उनके बच्चे के साथ बहुत बुरा हुआ है और उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने एक बाल अपचारी को लिया संरक्षण में

नोएडा सेक्टर-24 थाना पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को आयुष उर्फ हैप्पी शुक्ला की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आयुष के शरीर पर किसी बाहरी चोट की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब जांच के जरिए घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।

Location :  Noida

Published :  25 August 2026, 7:54 PM IST

Advertisement