हिंदी
निक्की हत्याकांड में बड़ा यू-टर्न (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में हुए निक्की हत्याकांड में बड़ा मोड़ सामने आया। निक्की की बहन कंचन, जो अब तक सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर बहन को न्याय दिलाने की सबसे मुखर आवाज बनी हुई थी, उसने कोर्ट में जाकर अपने पुराने आरोपों से अलग बयान दे दिए। बताया जा रहा है कि कंचन पिछले दो मौकों पर कोर्ट में बयान दर्ज कराने नहीं पहुंची थी, लेकिन बुधवार को पेश होकर उसने पक्षद्रोही बयान दिए।
जिस केस में ससुराल पक्ष पर निक्की को जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाया गया था, उसी मामले में अब परिवार की चुप्पी और बदले रुख ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, समझौते की कहानी तब शुरू हुई जब मामले में जेल गए ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य जमानत पर बाहर आए। निक्की के जेठ रोहित, ससुर सतवीर और सास दयावती को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई।
गांव के लोगों का कहना है कि रोहित ने निक्की के माता-पिता और अपनी पत्नी कंचन से संपर्क साधा। इसके बाद रिश्तेदारों और करीबी लोगों ने पंचायतों के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश की। आरोपित पति विपिन भाटी के चचेरे भाई देवेंद्र ने भी करीब 20 दिन पहले दोनों पक्षों में समझौता होने की बात कही थी।
Video: Nikki Murder Case को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग, असली गुनाहगार कौन?
चर्चा यह भी है कि समझौते के तहत निक्की की बहन कंचन के नाम पर रूपवास गांव के पास आमका रोड स्थित कॉलोनी में एक मकान खरीदा गया है। बताया जा रहा है कि अब कंचन अपने पति और बच्चों के साथ वहीं रहेगी। इसके अलावा तीन बीघा जमीन में एक-तिहाई हिस्सा निक्की और कंचन के बच्चों के नाम करने पर भी सहमति बनी है।
सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब एक महीने से पंचायतों का दौर चल रहा था। कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा में हुई एक पंचायत में बच्चों के भविष्य, आर्थिक सहयोग और संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर सहमति बनी। इस बैठक में केवल करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा लोग शामिल हुए थे। गांव के अधिकांश लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई।
सिरसा गांव में 21 अगस्त 2025 को 26 वर्षीय निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई थी। मायके पक्ष ने आरोप लगाया था कि दहेज और घरेलू विवाद के चलते ससुराल वालों ने निक्की को जिंदा जला दिया। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।
पुलिस ने 23 अगस्त 2025 को मुख्य आरोपित पति विपिन भाटी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद सास दयावती, ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित भाटी को भी जेल भेजा गया। हालांकि बाद में सास, ससुर और जेठ को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। फिलहाल मुख्य आरोपित पति विपिन भाटी अभी भी जेल में बंद है और उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है।
Location : Noida
Published : 28 May 2026, 8:05 AM IST
No related posts found.