
साजन भाटी का फाइल फोटो (IMG: Dynamite News)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में हुए एलएलबी छात्र साजन भाटी हत्याकांड के आरोपी वीर सिंह की मौत हो गई है। जेल में बंद वीर सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन का कहना है कि आरोपी की मौत ब्रेन स्ट्रोक के कारण हुई है। वीर सिंह जेल की बैरक में अपने भाई के साथ मौजूद था। इसी दौरान अचानक उसकी हालत खराब हो गई। जेल कर्मियों ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हालत बिगड़ने पर सफदरजंग किया गया रेफर
जेल प्रशासन ने बताया कि वीर सिंह को सबसे पहले कसाना स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बैरक में अचानक बिगड़ी थी तबीयत
जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार ने बताया कि बंदी वीर सिंह बैरक में अपने भाई के साथ था। अचानक उसे ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। जेल प्रशासन ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
नाली के विवाद के बाद हुई थी साजन भाटी की हत्या
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में 5 मई की रात नाली के पानी की निकासी, कूड़ा डालने और उसे जलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद एलएलबी छात्र साजन भाटी के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। वीर सिंह भी इसी हत्याकांड में जेल में बंद था।
Location : Greater Noida
Published : 11 August 2026, 3:30 PM IST