
फैक्ट्री से मुक्त कराए गए बंधुआ मजदूर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में स्थित एक फैक्ट्री से 22 जून को पुलिस और प्रशासन द्वारा बंधन मुक्त कराए गए 12 मजदूरों की गुरुवार को उनके घर वापसी कराई गई। इस दौरान सभी मजदूरों को केंद्र सरकार की बंधवा मजदूर पुनर्वास योजना के तहत 30-30 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया, ताकि वे दोबारा अपना सामान्य जीवन शुरू कर सकें।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने दो आरोपी शिवा त्यागी और प्रदीप बालियान को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी अंकित बालियान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में मजदूरों को करीब दो वर्षों से बंधक बनाकर रखा गया था और उन्हें प्रताड़ित करते हुए जबरन काम कराया जाता था। इस दौरान कई मजदूरों की मौत होने की बात भी सामने आई है। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, जो सभी तथ्यों की जांच करेगी।
Muzaffarnagar Encounter: रविदास मंदिर पुजारी हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल गिरफ्तार
गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने बंधन मुक्त कराए गए मजदूरों के परिजनों को बुलाकर सभी को उनके साथ घर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मजदूरों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को फूल-माला पहनाकर उनका आभार व्यक्त किया।
प्रशासन के अनुसार, पुनर्वास योजना के तहत अभी सभी 12 मजदूरों को 30-30 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। इसके अलावा, एसडीएम कोर्ट से बंधवा मजदूर संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वयस्क मजदूरों को 70-70 हजार रुपये तथा नाबालिग मजदूरों को 1 लाख 70 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
सीओ फुगाना विश्वजीत सिंह ने बताया कि पुलिस और प्रशासन द्वारा मुक्त कराए गए सभी बंधवा मजदूरों के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया था। उनके अनुसार, "आज सभी 12 मजदूरों को भारत सरकार की बंधवा मजदूर पुनर्वास योजना के तहत 30-30 हजार रुपये के चेक दिए गए हैं, ताकि वे अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकें। एसडीएम कोर्ट से मामला बंधवा मजदूर के रूप में तय होने के बाद वयस्क मजदूरों को 70 हजार रुपये और नाबालिग मजदूरों को 1 लाख 70 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।"
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 June 2026, 3:14 PM IST
Topics : Bonded Labour Rescue muzaffarnagar news Rehabilitation Scheme SIT Investigation Uttar Pradesh News