मुजफ्फरनगर में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, नाबालिग चला रहा था स्कूल वैन, मोपेड सवार को उड़ाया; देखें LIVE CCTV

मुजफ्फरनगर के चरथावल रोड पर एक तेज रफ्तार स्कूल वैन ने मोपेड सवार युवक उस्मान को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। वैन को एक नाबालिग चला रहा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल उस्मान का पैर टूट गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 May 2026, 12:17 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सड़क हादसे का एक ऐसा लाइव सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। इस वीडियो में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कूल वैन एक दोपहिया मोपेड (विक्की) सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मारती हुई नजर आ रही है। इस भीषण टक्कर में मोपेड सवार युवक सड़क पर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Charthawal Road पर सुबह-सुबह हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा चरथावल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजफ्फरनगर-थानाभवन मार्ग पर शुक्रवार की सुबह तकरीबन 8:00 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि नालंदा पब्लिक स्कूल की एक वैन बच्चों को लेकर स्कूल की तरफ जा रही थी। वैन की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर गाड़ी पर से अपना संतुलन खो बैठा और उसने आगे जा रहे मोपेड सवार युवक उस्मान को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के ठीक बाद इंसानियत को शर्मसार करते हुए वैन का ड्राइवर घायल को तड़पता छोड़कर गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए लहूलुहान उस्मान को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

मासूम बच्चों की जान से खिलवाड़

इस पूरी घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि स्कूल वैन को कोई वयस्क नहीं, बल्कि एक नाबालिग लड़का चला रहा था। घायल उस्मान ने अस्पताल से अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वह सुबह अपनी विक्की से फेरी लगाने के लिए निकला था। तभी पीछे से आ रही नालंदा पब्लिक स्कूल की मैजिक वैन ने उसे उड़ा दिया। उस्मान के मुताबिक, वैन को एक छोटा बच्चा बेहद लापरवाही से दौड़ा रहा था। इस हादसे में उस्मान के पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है और पैर की दो उंगलियां टूट गई हैं। डॉक्टरों ने उसके पैर पर 40 दिन के लिए प्लास्टर बताया है। साथ ही उसकी मोपेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

Muzaffarnagar: कूड़े के ढेर में मिली सरकारी दवाइयों की खेप! एक्सपायर और नई दवाएं देखकर उड़ गए स्वास्थ्य विभाग के होश

पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

अस्पताल के बिस्तर पर पड़े पीड़ित उस्मान ने अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले उस्मान का कहना है कि इस हादसे के कारण उसका धंधा बंद हो गया है और इलाज में हजारों रुपये खर्च हो रहे हैं, इसलिए उसे मुआवजा मिलना चाहिए। इसके साथ ही उसने आरोपी और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उस्मान ने आक्रोश जताते हुए कहा, "आज मेरे साथ ऐसा हुआ है, कल किसी और के साथ भी हो सकता है। वैन में मासूम बच्चे बैठे थे, अगर गाड़ी पलट जाती तो उन बच्चों का क्या होता? स्कूल वाले चंद रुपयों के लिए बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, ऐसे लोगों को सजा मिलना जरूरी है।"

फिलहाल, इस रोंगटे खड़े कर देने वाले सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर गाड़ी और उसके मालिक की पहचान शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 May 2026, 12:17 PM IST

Advertisement