
प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण(Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खतौली कोतवाली क्षेत्र के फलावदा रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पिता, मां और पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और मुआवजे के साथ आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, छछरपुर गांव निवासी 58 वर्षीय राजकुमार, अपनी 55 वर्षीय पत्नी महेंद्री और 28 वर्षीय बेटे सोनू के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से खतौली शहर आ रहे थे। फलावदा-खतौली रोड पर करवाड़ा गांव के पास सामने से आ रही एक दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में राजकुमार ने अपनी बाइक साइड ली, तभी सामने से आ रही ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खतौली में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान तीनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए और खतौली-फलावदा मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक और मामूली झड़प भी हुई।
UP News: जल जीवन मिशन को लेकर सीएम योगी का कड़ा रुख, खुदाई के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
मौके पर पहुंची सीओ खतौली रूपाली राव और एसडीएम खतौली ने आक्रोशित भीड़ को समझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। सीओ रूपाली राव ने बताया कि पुलिस ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। वर्तमान में स्थिति शांत है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 3 May 2026, 4:24 AM IST