Muzaffarnagar News: परीक्षा फॉर्म के नाम पर छात्रों से वसूली का आरोप, कॉलेज परिसर में खुला पूरा खेल…

मुजफ्फरनगर के जैन कन्या पाठशाला डिग्री कॉलेज में संचालित एक निजी कंप्यूटर दुकान पर छात्रों से परीक्षा फॉर्म के नाम पर अधिक फीस वसूलने का आरोप लगा है। समाजवादी पार्टी युवा जिलाध्यक्ष आयुष चौधरी के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन कर कॉलेज प्रशासन को शिकायत सौंपी और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 March 2026, 4:00 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित जैन कन्या पाठशाला डिग्री कॉलेज परिसर में संचालित एक निजी कंप्यूटर दुकान पर छात्रों से झूठी सूचना देकर अधिक फीस वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपों को लेकर सोमवार को छात्रों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष आयुष चौधरी ने किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकान को कॉलेज परिसर से हटाने की मांग की।

परीक्षा फॉर्म के नाम पर अधिक फीस वसूली का आरोप

शिकायत के मुताबिक कॉलेज परिसर में चल रही निजी कंप्यूटर दुकान के संचालक ने सूचना समूह नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ है। इस ग्रुप के जरिए 7 मार्च 2026 को छात्रों को सूचना दी गई कि विश्वविद्यालय के परीक्षा फॉर्म आ गए हैं और उन्हें भरने की अंतिम तिथि 14 मार्च तय की गई है।

ग्रुप में परीक्षा फीस की एक सूची भी साझा की गई, जिसके आधार पर छात्रों को जरूरी दस्तावेज और फीस जमा कराने के लिए दुकान पर बुलाया गया। छात्रों का आरोप है कि बी.ए. छठे सेमेस्टर की वास्तविक परीक्षा फीस 1930 रुपये है, जबकि दुकान संचालक ने छात्रों से 2700 रुपये तक वसूल लिए।

Kanpur Dehat: बेखौफ दबंगों ने कानून को दी चुनौती, घर में घुसकर युवक पर कुल्हाड़ी से किया हमला

वास्तविक फॉर्म आने से पहले ही ले ली फीस

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा फॉर्म 14 मार्च को जारी किए गए, जबकि उससे पहले ही छात्रों से दस्तावेज और फीस जमा करा ली गई थी। इससे कई छात्र भ्रमित हो गए और बिना सही जानकारी के अधिक पैसे जमा कर दिए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस तरीके से छात्रों को गुमराह कर अवैध रूप से अधिक राशि वसूली गई।

छात्रों का कहना है कि कॉलेज परिसर में चल रही दुकानों की गतिविधियों पर प्रशासन को निगरानी रखनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

जांच और कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के दौरान आयुष चौधरी ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी माध्यम से छात्रों के साथ आर्थिक शोषण या धोखाधड़ी की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Nainital: मुक्तेश्वर में कॉटेज में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रबंधन से मांग की कि पूरे मामले की जल्द जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कंप्यूटर दुकान को कॉलेज परिसर से हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र और कार्यकर्ता आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 16 March 2026, 4:00 PM IST