हिंदी
मुजफ्फनगर की मोबाइल शॉप में लगी आग (Img: Magnific)
Muzaffarnagar: शहर के आर्यपुरी क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मोबाइल एसेसरीज की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल धुएं की चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना थाना नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मां शाकुम्भरी कम्युनिकेशन बिल्डिंग की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एयर कंडीशनर (एसी) के पाइप में तकनीकी खराबी आने के बाद लगी। आग लगने के बाद बिल्डिंग में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
‘यूपी सरकार’ की तख्ती लगी कार में फर्राटा भरता मिला नाबालिग, ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक
दुकान मालिक प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सबसे पहले एसी के पाइप के पास से आग निकलती दिखाई दी। जब तक वे स्थिति को समझ पाते, आग ने तेजी से फैलकर विकराल रूप धारण कर लिया। उन्होंने और कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया। प्रदीप कुमार के अनुसार दुकान में फायर सेफ्टी के लिए अग्निशमन सिलेंडर मौजूद थे और पानी की मदद से भी आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि अंदर जाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो सबसे राहत भरी बात है। हालांकि दुकान में रखे मोबाइल एसेसरीज, रैपर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का सटीक आंकलन नहीं हो सका है। दुकान मालिक का कहना है कि लाखों रुपये के सामान के प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन और दमकल विभाग घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 17 June 2026, 6:22 PM IST