
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Muzaffarnagar: जिले के खतौली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। जानकारी के अनुसार, केलावड़ा गांव के पास खतौली-फलावदा मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजकुमार (55), उनकी पत्नी महेंद्रि (53) और उनके बेटे सोनू सैनी (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सर्किल ऑफिसर रूपाली राव ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में कई टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 3 May 2026, 11:40 AM IST