
मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर हादसा,आक्रोशित ग्रामीण(Source: Google)
Muzaffarnagar: जनपद के जानसठ कस्बे में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। स्कूल से घर लौट रहे 6 साल के बच्चे की खुले में रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक बच्चे के शव के साथ जानसठ कोतवाली का घेराव किया और बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतक बच्चे के पिता शाहनवाज ने बताया कि उनका 6 वर्षीय बेटा साबियान रोजाना की तरह पास ही के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने गया था। दोपहर में जब स्कूल की छुट्टी हुई और वह घर लौट रहा था, तभी घर के पास ही काफी नीचे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर ने उसे अपनी ओर खींच लिया। ट्रांसफार्मर की चपेट में आते ही बच्चा बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई।
Iran Israel War: ईरान की दो टूक, सुलह नहीं हुई तो लंबी जंग
मोहल्ले के लोगों और महिलाओं ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय सभासद और अन्य जिम्मेदार लोगों ने कई बार विभाग से इस ट्रांसफार्मर को ऊंचाई पर लगाने या इसके चारों ओर लोहे का जाल लगवाने की मांग की थी। आरोप है कि हर बार बिजली विभाग के अधिकारियों ने "बजट नहीं है" का बहाना बनाकर मामले को टाल दिया। इसी लापरवाही का नतीजा आज एक मासूम की मौत के रूप में सामने आया है।
कानपुर में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, इन लोगों को बनाते थे अपना टारगेट
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) रूपाली राय चौधरी और एसडीएम राजकुमार भारती मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से बात की। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
साबियान की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि विभाग की एक छोटी सी अनदेखी ने एक हँसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 9 April 2026, 6:07 PM IST