मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत के शक में एक युवक के साथ मारपीट और चेन लूटने का आरोप लगा है, घटना पुलिस चेकिंग के दौरान गंगनहर पुल के पास हुई और CCTV में कैद बताई जा रही है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है

पीड़ित जोगिंदर पुत्र पहल सिंह
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़ी शिकायत करने के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की और उसके गले से सोने की चेन छीन ली। इस पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित जोगिंदर पुत्र पहल सिंह, निवासी ग्राम धमात ने बताया कि 5 फरवरी की रात लगभग 11 बजे वह अपनी कार में बैठकर गांव से खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गंगनहर पुल के पास पहुंचा, वहां पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार ने उसकी गाड़ी को रुकवा कर घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित के अनुसार, कार में करीब 9 से 10 लोग मौजूद थे और कार से उतरने के बाद गाली-गलौज करते हुए पूछा कि "अवैध खनन की शिकायत क्यों करता है" और फिर उसके बाद मारपीट करने लगे, जिसकी वजह से पीड़ित को गंभीर चोटें भी आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन भी निकाल ली और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
UP News: अमेठी में नाबालिक किशोरी के साथ फूफा ने किया ये बुरा हाल, जानें पूरी खबर
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना गंगनहर पुल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट की स्थिति दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत के शक में युवक जोगिंदर पर जानलेवा हमला। मारपीट के साथ सोने की चेन लूटने का आरोप। पीड़ित ने SSP संजय कुमार वर्मा से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।#Muzaffarnagar #IllegalMining #CrimeNews pic.twitter.com/aJid7ckaBO
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 10, 2026
घटना के बाद पीड़ित ने थाना पुरकाजी में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने 9-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने एक आरोपी को शांति भंग की धारा में चालान कर औपचारिक कार्रवाई की है, जबकि मामला मारपीट और लूट से जुड़ा हुआ है।
मुजफ्फरनगर में वैलेंटाइन डे पर प्रेमियों की खैर नहीं, सिर से प्यार का भूत उतरने वाली चेतावनी
पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर एसपी देहात आदित्य बंसल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह एसएसपी कार्यालय भी पहुंचा, जहां मुलाकात न होने पर पुनः एसपी देहात को अपनी शिकायत सौंपी। इस पर एसपी देहात ने थाना पुलिस को फोन कर मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो की भी सत्यता से जांच की जा रही है।