शाहजहांपुर में “एक फूल दो माली” इसलिए हो गया हत्याकांड, बताओ! लड़की के चक्कर में क्या-क्या हुआ?

शाहजहांपुर के चर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि युवती के भाई ने मुख्य आरोपी को हत्या के लिए उकसाया था, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 3:45 PM IST

Shahjahanpur: दिनदहाड़े हुए गौतम मौर्य हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इस सनसनीखेज वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश को मुख्य वजह बताया है। पुलिस जांच के मुताबिक मृतक गौतम मौर्य और मुख्य आरोपी समीर अली दोनों का एक ही युवती से संबंध था। इसी विवाद ने धीरे-धीरे खूनी रूप ले लिया। पुलिस का दावा है कि युवती के भाई अश्वनी ने समीर को गौतम को रास्ते से हटाने के लिए कथित तौर पर उकसाया, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। जांच में भूमिका सामने आने पर पुलिस ने अश्वनी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

31 जुलाई को दिनदहाड़े हुई थी हत्या

घटना 31 जुलाई की है, जब कांट थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव में गौतम मौर्य पर दिनदहाड़े चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी समीर अली को पकड़ लिया था। हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने घंटों तक चक्का जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए समीर अली समेत उसके पिता और भाई सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।

जांच में सामने आई प्रेम प्रसंग की कहानी

पुलिस की पूछताछ, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की कड़ियां जोड़ने के बाद जांच एक नए मोड़ पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, गौतम मौर्य और समीर अली दोनों का एक ही युवती से प्रेम संबंध था। आरोप है कि गौतम युवती को कथित तौर पर परेशान करता था, उसे ब्लैकमेल करता था और उसके भाई अश्वनी को भी धमकियां देता था। युवती ने यह पूरी बात अपने भाई और समीर को बताई, जिसके बाद दोनों के बीच गौतम को लेकर गहरा विवाद शुरू हो गया।

साजिश रचने के आरोप में भाई गिरफ्तार

पुलिस का आरोप है कि अश्वनी ने समीर को गौतम की हत्या के लिए कथित तौर पर उकसाया और पूरी साजिश में उसकी अहम भूमिका रही। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर अश्वनी की संलिप्तता सामने आई है। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Location :  Shahjahanpur

Published :  6 August 2026, 3:45 PM IST