
प्रतीकात्मक फोटो (image: pinterest)
Mainpuri: तीन दिन से लापता गांव के सबसे खास भैंसे मुन्ना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। आरोप है कि कुछ अराजकतत्वों ने मुन्ना को चारे में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और बेहोश होने के बाद उसे 1.20 लाख रुपये में बेच दिया। अपने चहेते भैंसे की बरामदगी के लिए परेशान ग्रामीण सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और एसपी से शिकायत कर मुन्ना को सकुशल वापस लाने की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले राजेंद्र सिंह ने गांव के लोगों से चंदा इकट्ठा किया था। इसके बाद हरियाणा के रोहतक से एक भैंसा खरीदकर लाया गया था। गांव वालों ने मिलकर उसका नाम मुन्ना रखा और धीरे-धीरे वह पूरे गांव का चहेता बन गया। कुछ समय तक राजेंद्र सिंह ने मुन्ना को अपने घर पर रखा, लेकिन बाद में उसे गांव में खुला छोड़ दिया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि मुन्ना सिर्फ एक भैंसा नहीं था, बल्कि गांव की पहचान बन चुका था। इसी वजह से उसके अचानक गायब होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते दो सितंबर को पड़ोसी गांव के कुछ लोगों ने मुन्ना को चारे में नशीला पदार्थ मिला कर खिला दिया। इसके बाद जब वह अचेत हो गया तो उसे कथित तौर पर 1.20 लाख रुपये में बेच दिया गया। घटना के बाद से ग्रामीण लगातार मुन्ना की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई नहीं होने से उन्हें मजबूर होकर पुलिस अधिकारियों के पास जाना पड़ा।
सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों और दूसरे गांव के लोगों के बीच बातचीत भी हुई। बातचीत में मुन्ना को तीन दिन के अंदर सकुशल वापस कराने का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर बुधवार तक मुन्ना वापस नहीं आया तो वे धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्रामीणों को मुन्ना की वापसी का इंतजार है।
Location : Mainpuri
Published : 8 September 2026, 1:50 PM IST