मोहर्रम को लेकर बरेली रेंज में हाई अलर्ट, 1384 जुलूसों की निगरानी के लिए 55 जोन और 202 सेक्टर बनाए गए

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बरेली रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। 1384 जुलूसों की निगरानी के लिए पूरे क्षेत्र को 55 जोन और 202 सेक्टर में बांटा गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 June 2026, 4:10 PM IST

Bareilly: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बरेली रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। DIG अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, जबकि ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी।

1384 जुलूस और 2128 ताजियों पर रहेगी नजर

DIG अजय कुमार साहनी के अनुसार, बरेली रेंज में कुल 1384 मुहर्रम जुलूस निकाले जाएंगे। इसके अलावा 2128 ताजिए स्थापित किए जाएंगे और 2003 ताजियों का दफन किया जाएगा। पूरे परिक्षेत्र में 357 कर्बलाओं को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में लिया गया है। इन सभी आयोजनों की निगरानी और सुरक्षा के लिए पूरे रेंज को 55 जोन और 202 सेक्टर में विभाजित किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बरेली जिले में सबसे अधिक जुलूस

जिलावार आंकड़ों के अनुसार बरेली जिले में सबसे अधिक 894 जुलूस प्रस्तावित हैं। यहां 1020 ताजिए स्थापित किए जाएंगे और 988 ताजियों का दफन किया जाएगा। जिले में 131 कर्बलाओं को भी चिन्हित किया गया है। वहीं बदायूं में 144, पीलीभीत में 205 और शाहजहांपुर में 141 जुलूस निकाले जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बरेली जिले में 44 जोन और 158 सेक्टर बनाए गए हैं।

हजारों पुलिसकर्मी और 238 क्यूआरटी टीमें रहेंगी तैनात

मोहर्रम ड्यूटी के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा बल तैनात किए हैं। ड्यूटी में 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 36 पुलिस उपाधीक्षक, 262 निरीक्षक, 1743 उपनिरीक्षक, 2986 मुख्य आरक्षी और 10014 नागरिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा छह कंपनी सुरक्षा बल, दो प्लाटून पीएसी, एक प्लाटून बाढ़ राहत बल और SDRF की दो टीमें भी तैनात रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 238 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित की गई हैं।

आयोजकों को दिए गए जरूरी निर्देश

पुलिस प्रशासन ने ताजियेदारों और आयोजन समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। सभी जुलूस केवल पूर्व निर्धारित और स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा या मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही ताजियों का दफन भी केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाएगा।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

DIG अजय कुमार साहनी ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक फोटो, वीडियो या पोस्ट साझा न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन, खतरनाक करतब और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

भाईचारे और सौहार्द का संदेश

DIG ने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

Location :  Bareilly

Published :  23 June 2026, 4:10 PM IST