मुगलसराय सुसाइड केस: एक ही मकान में तीन भाई-बहनों की मौत से इलाके में सनसनी, गुड्डू गुप्ता ने क्यों चुना मौत का रास्ता, बीमारी और पारिवारिक तनाव के बीच उलझी खुदकुशी की ये गुत्थी, पढ़ें पूरी खबर

मुगलसराय में अधेड़ ने की आत्महत्या (source: google)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ लाठ नंबर-2 स्थित एक मकान में 48 वर्षीय गुड्डू गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि इसी घर में पिछले कुछ वर्षों में एक के बाद एक तीन भाई-बहनों ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है।
मृतक की पहचान स्वर्गीय जंगी साव गुप्ता के बड़े पुत्र गुड्डू गुप्ता के रूप में हुई है। बुधवार की देर रात गुड्डू ने मकान की दूसरी मंजिल के बरामदे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह जब पड़ोसियों की नजर फंदे से लटके शव पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना वार्ड नंबर 19 के सभासद महेंद्र पटेल को दी गई, जिन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
Video: महराजगंज में दिखा पेट्रोल को लेकर डर, अफवाह से लगी लंबी कतारें, जानिये क्या कहा पंप मालिक ने
यह मामला इसलिए और भी गंभीर हो गया है क्योंकि इसी मकान में ठीक दो साल पहले 11 मई को एक साथ दो लाशें मिली थीं। उस वक्त गुड्डू के छोटे भाई कमलेश गुप्ता उर्फ राजू और बहन अंजू गुप्ता उर्फ गुड़िया ने तीसरी मंजिल पर एक साथ फांसी लगाई थी। अब परिवार के तीसरे सदस्य की उसी तरह मौत होने से मोहल्ले के लोग दहशत और चर्चा में हैं।
जानकारी के अनुसार, गुड्डू गुप्ता पिछले कुछ समय से घर में बिल्कुल अकेले रह रहे थे। करीब 10 साल पहले माता-पिता का निधन हो गया था और पत्नी भी कई सालों से मायके में अलग रह रही थी। उनके जीजा श्री प्रकाश गुप्ता ने बताया कि गुड्डू शारीरिक रूप से भी काफी बीमार थे। उन्हें लीवर में सूजन और कमजोरी की समस्या थी, जिसके लिए हाल ही में उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा था।
बशीरहाट में 340 नाम गायब, वोटर लिस्ट पर सवाल, गुस्साए ग्रामीणों का सड़कों पर उबाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कूड़ा बाजार चौकी इंचार्ज के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिवार का एक अन्य भाई रवि गुप्ता वर्तमान में वाराणसी के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती है।