हिंदी
चौकी पर खड़ी बस (Img : Google)
Etawah : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। दिल्ली जा रही स्लीपर बस से टॉयलेट के लिए उतरी मां-बेटी की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में बस चालक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिसने यात्रियों को असुरक्षित जगह पर उतार दिया था। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर से दिल्ली जा रही स्लीपर बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 128.9 पर खरगपुर सरैया गांव के पास रुकी थी। बताया जा रहा है कि बस चालक ने यात्रियों को टॉयलेट के लिए एक्सप्रेसवे किनारे उतार दिया। इसी दौरान बस में सवार कुसुम (50) और उनकी 13 वर्षीय बेटी अंजलि नीचे उतरीं।
अंधेरा ज्यादा होने की वजह से मां-बेटी दिशा भूल गईं और एक्सप्रेसवे के बीच बने डिवाइडर की तरफ चली गईं। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां और बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार यात्रियों में भी दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना ऊसराहार पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सैफई पीजीआई भेज दिया। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल कार चालक की पहचान हर्ष पांडे निवासी दावतपुर, फतेहपुर के रूप में हुई है। कार को एक्सप्रेसवे चौकी कुदरैल में खड़ा करा दिया गया है।
थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने बताया कि प्राथमिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। यदि यात्रियों को किसी टोल प्लाजा या सुरक्षित स्थान पर उतारा जाता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
इस हादसे के बाद एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। रात के अंधेरे में यात्रियों को हाईवे पर उतारना कितना खतरनाक साबित हो सकता है, यह हादसा उसकी बड़ी मिसाल बन गया।
Location : Etawah
Published : 29 May 2026, 2:59 PM IST