हिंदी
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां थाना मझोला के क्षेत्र जयंतीपुर में शाहरूख की हत्या इश्क में कांटा बनने की वजह से हुई थी। पुलिस के मुताबिक मुहब्बत में दीवाने हुए युवक ने हत्या करने के लिए नाबालिग को एक लाख रुपये देने के साथ जमानत कराने का लालच देकर तैयार किया था। आरोपी के उकसाने पर किशोर ने गोली मारकर शाहरुख की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के साथ तमंचा और खोखा भी बरामद कर लिया है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने पुलिस लाइंस में पत्रकारों को बताया कि हत्या का खुलासा करते हुए गुलरेज उर्फ राजा (26) को गिरफ्तार किया गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक बता दें कि पूछताछ में राजा उर्फ गुलरेज ने बताया कि पिछले दो साल से उसका अफेयर चल रहा है और शाहरूख को जानकारी होने के कारण वह पूरी तरह नजर रखने लगा था। इसलिए उसकी मुलाकात भी नहीं हो रही थी। उसने शाहरुख को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। ऐसे में उसने इसके लिए साहिल को तैयार किया। दरअसल, साहिल की भी शाहरुख से झगड़ा हो गया था। उसने साहिल को एक लाख रुपए देने के साथ जमानत कराने का भरोसा भी दिलाया था। इस काम के लिए साहिल राजी हो गया था।
शाहरूख की मौके पर ही मौत
शाहरूख आधी रात में अकेला मोबाइल चला रहा था। इस दौरान साहिल ने तमंचा निकालकर शाहरूख के सिर में गोली मार दी जिससे शाहरूख की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद हम दोनो अलग अलग गलियों से होते हुए फरार हो गए। राजा उर्फ गुलरेज ने बताया कि साहिल को पूरी तरह राजी करने के लिए उसे एक बार झगड़ा भी करना पड़ा था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी और बाल अपचारी साहिल की निशानदेही पर तमंचा और खाली खोखा भी बरामद कर लिया है। शाहरुख की बहन की तरफ से बीते दिन रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। रिपोर्ट में शस्त्र अधिनियम की धारा भी शामिल की जाएगी। हत्याकांड के इस खुलासे के दौरान सीओ सिविल लाइन कुलदीप गुप्ता, इंस्पेक्टर मझोला राम प्रसाद शर्मा भी मौजूद रहे।
Location : Moradabad
Published : 30 May 2025, 7:06 PM IST
Topics : moradabad news murder police Shahrukh क्राइम