
बीजेपी नेता समेत दो गिरफ्तार
Maharajganj: महराजगंज जिले में पैसे के लेन-देन को लेकर बढ़ा विवाद उस समय तूल पकड़ गया जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मामला थाना चौक क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चल रही सख्त कार्रवाई के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चौक की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 13 निवासी बीजेपी के चौक मंडल उपाध्यक्ष राकेश गौड़ (34 वर्ष) और वार्ड नंबर 10 निवासी अनिल मद्देशिया (40 वर्ष) के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए इलाके में अशांति फैलने की आशंका जताई जा रही थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को उपजिलाधिकारी सदर के समक्ष पेश कर विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इस पूरे मामले में बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने डाइनामाइट न्यूज संवाददाता से बातचीत के दौरान बताया कि दो कार्यकर्ताओं का आपस में विवाद हो गया था। फिलहाल मामले की सुलझा दिया गया है।
Location : Maharajganj
Published : 1 May 2026, 12:58 PM IST
Topics : arrested bjp leader Maharajganj police