
राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने की लट्ठ पूजन IMG- DYNAMITE NEWS
Muzaffarnagar: मुज़फ़्फ़रनगर में भारतीय अति पिछड़ा वर्ग (EBC) संघर्ष मोर्चा ने अति पिछड़े वर्ग और दलित समाज के लोगों पर कथित अत्याचार एवं हत्याओं के विरोध में चौथा लट्ठ पूजन कार्यक्रम आयोजित कराया। टाउन हॉल स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने सभी लट्ठों पर तिलक लगाकर पूजन किया और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हाथ में लट्ठ देकर शपथ ग्रहण कराई। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में अति पिछड़े समाज के लोगों की हत्याओं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। मोहन प्रजापति ने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में जाति देखकर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कि समाज में अब अत्याचार और शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही राजनीतिक दलों से अति पिछड़े समाज को संख्या के अनुपात में हिस्सेदारी दिलाने की भी मांग की है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने की लट्ठ पूजन
IMG - DYNAMITE NEWS
दरअसल, रविवार को मुज़फ़्फ़रनगर के टाउन हॉल स्थित कार्यालय पर भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा की ओर से चौथा लट्ठ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने लट्ठों पर कलावा बांधकर तिलक लगाया और पूजन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं को हाथों में लट्ठ देकर शपथ दिलाई गई कि वे किसी पर अत्याचार नहीं करेंगे और न ही किसी के साथ होने वाले अत्याचार को बर्दाश्त करेंगे। बहन-बेटियों की रक्षा, संविधान की सुरक्षा और समाज के हक के लिए आवाज उठाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस दौरान मोहन प्रजापति ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अति पिछड़े और दलित समाज के लोगों की हत्याओं का मुद्दा उठाते हुए कई घटनाओं का ज़िक्र किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दबंगों द्वारा समाज के लोगों का शोषण किया जा रहा है और हत्याओं के मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
ये भी पढ़ें- देवरिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्त घायल, इलाज के दौरान एक की मौत
मोहन प्रजापति ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि - जब अपराधी अति पिछड़े, दलित या मुस्लिम समाज से होता है तो बुलडोजर और एनकाउंटर जैसी कार्रवाई की जाती है, लेकिन जब आरोपी किसी दबंग वर्ग से होता है तो कार्रवाई के नाम पर लीपापोती का आरोप सामने आता है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़े समाज ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन आज समाज के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वहीं राजनीतिक हिस्सेदारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि- वे किसी राजनीतिक दल से बंधे नहीं हैं और समाज के अधिकारों के लिए किसी भी पार्टी के नेतृत्व से मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल दलित और पिछड़े समाज को संख्या के हिसाब से टिकट और हिस्सेदारी देगा, संगठन का झुकाव उसी तरफ रहेगा।
Location : muzaffarnagar
Published : 1 November 2026, 6:31 PM IST
Topics : caste EBC Muzaffarnagar up uttarpradesh