Security Alert: त्योहारों पर मिर्जापुर में परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर! SP अपर्णा रजत कौशिक का फ्लैग मार्च, ड्रोन से होगी निगहबानी

मिर्जापुर में रक्षाबंधन और बारावफात को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। SP अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में भारी फोर्स ने संकटमोचन से इमामबाड़ा तक फ्लैग मार्च किया। 104 जुलूसों की सुरक्षा के लिए जिले को 5 जोन और 19 सेक्टरों में बांटा गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 August 2026, 9:40 AM IST

Mirzapur: आगामी रक्षाबंधन, बारावफात और अन्य प्रमुख त्योहारों को देखते हुए मिर्जापुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। जिले में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) अपर्णा रजत कौशिक खुद सड़कों पर उतरीं। उन्होंने भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) जवानों के साथ नगर के अति-संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया।

संकटमोचन से इमामबाड़ा तक गश्त, आमजन से सौहार्द की अपील

पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संकटमोचन क्षेत्र से लेकर इमामबाड़ा तक के पूरे रूट का मुआयना किया। इस दौरान एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने स्थानीय दुकानदारों, संभ्रांत नागरिकों और राहगीरों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों की आड़ में शांति भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। साथ ही, उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया।

5 जोन, 19 सेक्टर और QRT: बारावफात के 104 जुलूसों पर सुरक्षा चक्र

प्रशासन ने बारावफात के मौके पर निकलने वाले 104 जुलूसों की सुरक्षा के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। पूरे मिर्जापुर जनपद को 5 जोन और 19 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर सेक्टर में अतिरिक्त पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की तैनाती की गई है, जो किसी भी आपात स्थिति में चंद मिनटों में मौके पर पहुंच सकती है।

हत्याकांड से फिर दहला मिर्जापुर: इतनी सी बात पर खोला खून, 35 साल के व्यक्ति का मर्डर

ड्रोन, सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर पैनी नजर

डिजिटल दौर में अफवाहों को रोकने और निगरानी बढ़ाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं, जबकि आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए हर हलचल पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा, मिर्जापुर पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर लगातार निगरानी रख रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  26 August 2026, 9:40 AM IST