
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद अंतर्गत मड़िहान थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक बड़ी वारदात पूरी तरह से फर्जी और मनगढ़ंत निकली है। दुकान के मालिक और पुलिस को गुमराह करने के लिए यह पूरी साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि गाड़ी के चालक और सेल्समैन ने मिलकर रची थी। दोनों ने मिलकर मालिक की गाढ़ी कमाई के पैसे हड़प लिए और कहानी बना दी कि अज्ञात बदमाशों ने उनसे पैसे लूट लिए हैं। पुलिस की कड़ाई से हुई पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने दोनों का यह झूठ ज्यादा देर टिक नहीं सका और मामले का दूध का दूध और पानी का पानी हो गया।
विवेचना के दौरान जब पुलिस ने साक्ष्य संकलन, रूट के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, टेक्निकल डाटा और ह्यूमन इंटेलिजेंस का सहारा लिया, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। पुलिस जांच में पता चला कि ड्राइवर सुनील कुमार यादव और सेल्समैन राजकुमार प्रजापति इस समय गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उनके ऊपर बंधन बैंक का लोन भी बकाया था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने एक सुनियोजित प्लान तैयार किया। दोनों ने माल बिक्री (वसूली) से आए पैसों को आपस में बांट लिया और घटना को बिल्कुल असली रूप देने के लिए एक धारदार नुकीले औजार से गाड़ी के अगले बाएं टायर को फाड़ दिया। इतना ही नहीं, गाड़ी में ही रखे लोहे के जैक से गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया ताकि मालिक और पुलिस को यकीन हो जाए कि उन पर हमला हुआ था।
इस मामले की शुरुआत 3 जुलाई 2026 को हुई थी, जब बाजीराव कटरा (मीरजापुर) के रहने वाले वादी सचिन कटारे ने मड़िहान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 2 जुलाई को उनका ड्राइवर सुनील और सेल्समैन राजकुमार दुकान का माल बेचने निकले थे। मड़िहान, जमुई, कलवारी, घोरावल, बनरदेवा और राजगढ़ होते हुए जब वे वापस मिर्जापुर लौट रहे थे, तभी बेला मंदिर के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मिर्जापुर में गांजा तस्करों पर शिकंजा, बाइक सहित दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के नेतृत्व में पुलिस की 3 विशेष टीमों का गठन किया गया था। कड़ियों को जोड़ते हुए जब पुलिस ने ड्राइवर और सेल्समैन के बयानों और घटनास्थल के साक्ष्यों का मिलान किया, तो भारी विरोधाभास मिला। सख्ती बरतने पर दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। मड़िहान थाना पुलिस अब दोनों आरोपियों के खिलाफ पैसा हड़पने, झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और साजिश रचने के तहत अग्रिम वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई कर रही है।
Location : Mirzapur
Published : 6 July 2026, 11:56 AM IST
Topics : crime news Exposed mirzapur news up crime UP News