भैंस की पूंछ छूटी और उफनाती नदी में समा गया 70 साल का बुजुर्ग, मिर्जापुर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में उफनाती बकहर नदी पार करते समय 70 वर्षीय बुजुर्ग चरवाहा तेज बहाव में बह गया। नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी और सिरसी बांध की ओर पानी के तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ की टीम बुजुर्ग की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 29 August 2026, 7:18 PM IST

Mirzapur: मड़िहान थाना क्षेत्र के शेरुआ ग्राम पंचायत स्थित बकहर नदी के छहमुहंवा मुहाने पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहा 70 वर्षीय बुजुर्ग चरवाहा पानी के तेज बहाव में बह गया। शनिवार दोपहर तक उसका कहीं अता-पता नहीं चल सका है।

नदी पार करते समय हुआ हादसा

संतनगर थाना क्षेत्र के शीतलगढ़ पटेहरा गांव निवासी सुरसत्ती देवी ने बताया कि उनके पति शरण कोल  70 वर्ष को मड़िहान थाना क्षेत्र के शेरुआ गांव निवासी कैलाश यादव शुक्रवार सुबह रक्षाबंधन के दिन 10 बजे बाइक से अपने घर ले गए थे। आरोप है कि लगभग तीन माह पहले शरण ने उनकी चरवाही छोड़ दी थी, फिर भी जबरदस्ती ले जाया गया। घर पर खाना खिलाने के बाद कैलाश ने अपनी दर्जन भर भैंसों को चराने के लिए शरण को भेज दिया।

ये भी पढ़ें - Mirzapur: जमीनी हकीकत की सच्चाई जब सामने आई, तो बोरिंग के नाम पर दिखा बड़ा खेल!

तेज बहाव में छूटा भैंस की पूंछ से हाथ

सुबह लगभग 11 बजे शरण एक भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार कर दूसरे किनारे चले गए। शाम को वापसी के दौरान करीब 5 बजे जब वे फिर भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार करने लगे, उस समय नदी पूरे उफान पर थी। तेज बहाव में हाथ छूट गया और वे बह गए। पधुपालक कैलाश यादव ने देर रात परिवार को सूचना दी।जिसके बाद पत्नी सुरसत्ती देवी अपने इकलौते पुत्र रामपोस के साथ रात 10 बजे घटना स्थल पर पहुंची, काफी खोजबीन के बाद किनारे पर सिर्फ पति का एक गमछा पड़ा मिला। शनिवार सुबह 9 बजे पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन पानी के तेज बहाव को देखकर किनारे खड़ी मूक दर्शक बनी रही।

मगरमच्छों की मौजूदगी से बढ़ी आशंका

क्षेत्रीय ग्रामीणों में चर्चा है कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर विशालकाय मगरमच्छों का डेरा है। वहीं लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर सिरसी बांध है। आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग मगरमच्छ का निवाला बन गए या बहकर सिरसी बांध में चले गए हों। ग्रामीण और पुलिस 5 से 7 किलोमीटर तक पैदल चलकर तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। इधर चरवाहे का परिवार उसकी याद में रो रो कर बेहाल हो रहा है।

ये भी पढ़ें - Mirzapur News: 26 लाख के बकाये ने खोला बड़ा राज, गल्ला व्यापारी के फरार होते ही किसानों ने उठाया ये कदम

मड़िहान क्षेत्रधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि शनिवार की सुबह सूचना मिली है, खोजबीन जारी है एफडीआरेफ टीम को भी बुलाया गया है। वही बकहर नदी में मगमच्छो की भरमार होने पर चिंता जाहिर की है।

Location :  Mirzapur

Published :  29 August 2026, 7:18 PM IST