मिर्जापुर में कानून-व्यवस्था तार-तार, सरेआम BJP नेता के परिवार से गुंडई

कटरा कोतवाली क्षेत्र के टटहाई रोड पर जाम के दौरान मनबढ़ युवकों द्वारा बीजेपी जिला महामंत्री रवि पांडेय के परिजनों और ड्राइवर से सरेआम गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लचर ट्रैफिक व्यवस्था और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 June 2026, 4:16 PM IST

Mirzapur : उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए सूबे के मुखिया भले ही लगातार सख्ती बरत रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मिर्जापुर में बीजेपी के जिला महामंत्री रवि पांडेय के परिजनों और उनके ड्राइवर के साथ सड़क पर सरेआम बदसलूकी और गाली-गलौज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मनबढ़ युवकों द्वारा की गई इस गुंडई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाता नजर आ रहा है।

गाड़ी से खींचकर पीटने की कोशिश

पूरा विवाद कटरा कोतवाली क्षेत्र के टटहाई रोड पर जाम लगने के बाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाम में फंसे जिला महामंत्री के परिजनों और ड्राइवर को दो मनबढ़ युवकों ने अचानक घेर लिया और सड़क पर ही मां-बहन की भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। गालियों की बौछार करने के साथ ही आरोपियों ने पीड़ित परिजनों को गाड़ी से नीचे खींचकर पीटने की भी कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामले पल भर में किसी बड़े अपराध को जन्म दे देते हैं।

गायब रही ट्रैफिक पुलिस

इस पूरी घटना के पीछे शहर की लचर यातायात व्यवस्था को मुख्य वजह माना जा रहा है। टटहाई रोड पर ट्रैफिक की भारी अव्यवस्था के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि सुचारू यातायात के लिए बकायदा ट्रैफिक पुलिस की नियुक्ति की गई है, लेकिन घटना के समय मौके पर ट्रैफिक पुलिस का एक भी जवान नजर नहीं आया। लोगों का मानना है कि अगर वहां ट्रैफिक पुलिस का कोई जवान तैनात होता, तो शायद स्थितियां इस हद तक नहीं बिगड़तीं।

Mirzapur Crime: आधी रात खुली मां की आंख, बिस्तर से गायब थी बेटी; सुबह सामने आया खौफनाक सच

मिर्जापुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

हैरत की बात यह है कि मिर्जापुर की सड़कों पर सरेआम हो रही इस गुंडई को स्थानीय पुलिस ने समय रहते संज्ञान में नहीं लिया। सूबे के मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों के बावजूद स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाने से बाज नहीं आ रहे हैं। कागजों पर सब कुछ अच्छा दिखाने की इस प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

Location :  Mirzapur

Published :  7 June 2026, 4:16 PM IST