
पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mirzapur: जनपद के संत नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑटो रिक्शा में बैठकर सहयात्री का पैसा उड़ाने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर यह बड़ी कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं, जो ऑटो रिक्शा की मदद से राहगीरों को अपना शिकार बनाते थे। क्षेत्राधिकारी (CO) लालगंज अमर बहादुर ने इस पूरे मामले और पुलिसिया कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मीडिया से साझा की।
मिली जानकारी के अनुसार, शीतल गढ़ पटेहरा खुर्द के रहने वाले चौधरी गौतम (पुत्र स्वर्गीय कालिका गौतम) एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ऑटो में ही बैठे शातिर चोरों ने बेहद चालाकी से चौधरी गौतम के पास रखे 13,000 रुपय की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित को जब अपने साथ हुई इस टप्पेबाजी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल इस घटना के संबंध में संत नगर थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
UP STF और वन विभाग का Joint Operation, Mirzapur से हाथी दांत की तस्करी करते तीन आरोपी गिरफ्तार
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले यह चोर बेहद शातिर किस्म के थे। उन्होंने पुलिस और कानून से बचने के लिए अपने ऑटो रिक्शा पर नंबर प्लेट भी नहीं लगा रखी थी, ताकि कोई उनकी पहचान न कर सके। बिना नंबर के वाहन के कारण शुरुआत में पुलिस के सामने भी चुनौती थी, लेकिन कहते हैं कि 'कानून के हाथ लंबे होते हैं' और संत नगर पुलिस ने इसे सच साबित कर दिखाया। पुलिस ने जब अपनी जांच पड़ताल का दायरा बढ़ाया और कड़ाई से छानबीन की, तो बिना नंबर वाले उस ऑटो रिक्शा का असली नंबर खुलकर सामने आ गया। जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 63 CT 4432 है।
ऑटो रिक्शा के नंबर का सुराग मिलते ही संत नगर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस हिरासत में लेकर जब दोनों से थोड़ी सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहर्रम दीन और अरमान अली के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी सुनौवर अली उर्फ जादू के पुत्र हैं, जो मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी के निवासी हैं। दोनों सगे भाइयों ने मिलकर इस चोरी की योजना बनाई और अंजाम दिया था।
Location : Mirzapur
Published : 19 June 2026, 9:57 AM IST