
मेरठ के कुख्यात अपराधी उधम सिंह (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Meerut: मेरठ के कुख्यात अपराधी उधम सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। लंबे समय से फरार चल रहे उधम सिंह पर अब एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। इससे पहले उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था, लेकिन पुलिस को अब तक उसकी गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिलने के बाद इनामी राशि दोगुनी कर दी गई है।
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को उधम सिंह पर घोषित इनामी राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया। करीब दो सप्ताह पहले ही उधम सिंह समेत सात अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया था। हालांकि पुलिस की लगातार दबिश और छापेमारी के बावजूद वह गिरफ्तारी से बचता रहा। अब इनाम बढ़ने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि आम लोगों से भी महत्वपूर्ण सूचनाएं मिल सकेंगी।
पुलिस के अनुसार उधम सिंह वर्ष 2011 में दर्ज एक मुकदमे में जमानत पर बाहर आया था। बाद में कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उसने जमानत हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया था। इस मामले की जांच कराई गई तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद शिकायतकर्ता अनवर की तहरीर पर उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया। तभी से पुलिस इस मामले में भी उसकी तलाश कर रही है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उधम सिंह हाथ नहीं आया। इस दौरान उसके नेपाल भाग जाने की चर्चाएं भी सामने आईं। हालांकि पुलिस को इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी कराया जा चुका है।
Meerut News: गांजा तस्करों ने की महिलाओं की पिटाई, पथराव में एक युवक सहित तीन घायल
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उधम सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और अन्य गंभीर अपराधों समेत कुल 71 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उसका नाम पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है और वह लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उधम सिंह की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फरार अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाए।
Location : Meerut
Published : 6 June 2026, 9:16 AM IST