हिंदी
मेरठ में फूटा युवाओं का गुस्सा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Meerut: बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर मेरठ में छात्रों का गुस्सा अब फूट गया है। कांग्रेस पार्टी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत एक बड़ा मार्च निकाला है। इस आक्रोश भरे मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की शिक्षा और युवा नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मार्च में शामिल युवाओं ने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्र आक्रोश मार्च का नेतृत्व अभियान के मेरठ शहर संयोजक अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने किया। मार्च की शुरुआत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के मुख्य द्वार से हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी तेजगढ़ी होते हुए वापस विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे, जहां मार्च का समापन किया गया। पूरे रास्ते छात्र और युवा हाथों में तख्तियां लेकर चलते रहे और शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "पेपर लीक बंद करो", "युवाओं को रोजगार दो" और "शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ" जैसे नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि रोजगार के अवसर भी लगातार कम होते जा रहे हैं। उनका आरोप था कि सरकार युवाओं की मूल समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उनका कहना था कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार की व्यवस्था नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में नेताओं ने छात्रों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की है।
Location : Meerut
Published : 6 July 2026, 11:00 AM IST
Topics : Dharmendra Pradhan meerut news paper leak UP News