मायावती ने उत्तराखंड BSP में किया बड़ा बदलाव, कौन बना प्रदेश अध्यक्ष?

बसपा सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में उत्तराखंड संगठन की समीक्षा बैठक के बाद नरेश गौतम को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। बैठक में SIR के बाद मतदाता सूची से लाखों नाम हटने पर चिंता जताई गई। मायावती ने पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए अभियान चलाने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 October 2026, 12:30 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तराखंड के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद पार्टी ने उत्तराखंड में संगठनात्मक बदलाव करते हुए नरेश गौतम को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे पहले अनिल कुमार इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, उत्तराखंड के प्रभारी रहे दिनकर को लखनऊ और फैजाबाद मंडलों में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

बसपा सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड के लिए मुनकाद अली, उमाशंकर और अनिल कुमार को प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी की तैयारियों को तेज करने पर जोर दिया गया।

SIR के बाद मतदाता सूची पर मायावती की चिंता

बैठक में उत्तराखंड की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद हुए बदलावों को लेकर भी चर्चा हुई। मायावती ने करीब नौ लाख नाम मतदाता सूची से बाहर होने पर चिंता जताई और पार्टी कार्यकर्ताओं से पात्र लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए अभियान चलाने को कहा।

Punjab CMO Corruption Case: भगवंत मान के CMO पर लगे गंभीर आरोप, HC ने CBI को सौंपी जांच

उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची में 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार SIR शुरू होने के समय राज्य में 79,60,762 मतदाता थे। प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 नए नाम भी जोड़े गए। निर्वाचन विभाग ने यह भी बताया है कि पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आगे विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मायावती ने खास तौर पर गरीबों, युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों के लोगों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उनका कहना है कि पात्र नागरिक अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रहें।

मास्टरस्ट्रोक या चुनावी चक्रव्यूह? MLC चुनाव जीतने के लिए बीजेपी का ‘पन्ना प्रमुख’ वाला माइक्रो प्लान डिकोड

यूपी में भी संगठन में बदलाव के संकेत

उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी बसपा संगठन में बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। रविवार की बैठक के बाद यूपी के कई मंडलों के प्रभारियों और कमेटियों के पदाधिकारियों में फेरबदल की अटकलें हैं। माना जा रहा है कि इस संबंध में पार्टी की ओर से सोमवार तक पत्र जारी किए जा सकते हैं।

वहीं, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। मायावती ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत सभी 18 मंडलों से कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पदाधिकारियों को लखनऊ स्थित मान्यवर कांशीराम स्मारक पहुंचने के निर्देश दिए हैं। आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष और मंडल प्रभारी बैठकों में जुटे हैं।

Location :  Lucknow

Published :  5 October 2026, 12:30 PM IST