हिंदी
भीषण आग
Varanasi: वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अनेई स्थित तुलसी दास इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास रखी जल निगम की पाइपों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में अनेई बाजार के पास जल निगम की पाइपलाइन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर लाखों रुपये की पाइप जल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना के बाद इलाके में दहशत है।… pic.twitter.com/G5KqMO9ILz
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 22, 2026
बताया जा रहा है कि जल निगम विभाग ने यहां कई सालों से बड़ी संख्या में पाइप खुले मैदान में रखी है। आग लगने से लाखों रुपये की पाइप जलकर राख हो गई, जिससे विभाग को भारी नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार, तुलसी दास इंटर कॉलेज के पास स्थित खाली मैदान में बच्चे अक्सर खेलते हैं। इसी मैदान में जल जीवन मिशन योजना के तहत उपयोग होने वाली पाइप रखी गई थीं। बुधवार दोपहर अचानक पाइपों से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग घबराकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
वाराणसी में गैस लीकेज से हुआ सिलेंडर विस्फोट, जर्जर मकान गिरा, भाई-बहन की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर पहुंचे साधोगंज चौकी प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली के तार से निकली चिंगारी मानी जा रही है। हालांकि अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है और मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइप लंबे समय से खुले मैदान में रखी थीं और उनका उपयोग समय पर नहीं किया गया। लोगों ने बताया कि यदि पाइपों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाता या जल्द इस्तेमाल किया जाता तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी।
Location : Varanasi
Published : 22 April 2026, 7:07 PM IST
Topics : fire incident India News jal nigam Varanasi News