हिंदी
वाराणसी के लहरतारा इलाके में गैस लीकेज के बीच खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। जर्जर मकान ढहने से भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
मंडुआडीह क्षेत्र में सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Varanasi: वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। आद्या प्रसाद के एक मंजिला मकान में एलपीजी गैस सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसने पूरे घर को ताश के पत्तों की तरह ढहा दिया। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब घर में गैस लीकेज के बीच खाना बनाया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में गैस का रिसाव हो रहा था, लेकिन इस पर ध्यान दिए बिना चूल्हा जला दिया गया। जैसे ही आग जलाई गई, गैस ने विस्फोट का रूप ले लिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और कई घरों में कंपन महसूस किया गया। जर्जर मकान इस दबाव को सहन नहीं कर सका और पूरी तरह जमींदोज हो गया।
Muzaffarnagar Theft: मुजफ्फरनगर में फिल्मी अंदाज में चोरी, ऐसे चोर हुए फरार कि सब रह गए दंग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। मलबे में दबे परिवार के चार सदस्यों को बाहर निकाला गया और बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने भाई ओमप्रकाश और बहन प्रीति को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं मां गिरिजा देवी और एक अन्य सदस्य की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि विस्फोट के तुरंत बाद आग की ऊंची लपटें उठती हैं और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागते नजर आते हैं। कुछ ही सेकंड में पूरा घर मलबे में तब्दील हो जाता है।
चंदौली में PCS दंपती विवाद गरमाया, SDM पत्नी के पिता ने दामाद पर गंभीर आरोप; जानिये क्या कहा…
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एडीसीपी नीतू कात्यायन ने बताया कि गैस रिसाव के बावजूद आग जलाना इस हादसे की मुख्य वजह बनी। उन्होंने यह भी कहा कि मकान पहले से ही कमजोर स्थिति में था, जिससे नुकसान और ज्यादा बढ़ गया।