बदायूं में बड़ा हादसा: छज्जा गिरने से मजदूर युवक की दर्दनाक मौत; पढ़ें पूरी खबर

बदायूं जिले में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय मजदूर युवक की छज्जा गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। युवक सुबह भूसा ढोने का काम कर रहा था, तभी अचानक दरवाजे का कमजोर छज्जा उसके ऊपर आ गिरा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 8 April 2026, 5:46 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश में बदायूं जनपद के मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव ज्योरा पारवाला में मंगलवार सुबह अचानक छज्जा भरभराकर गिर पड़ा और उसके नीचे गांव निवासी पवन दब गया। हादसा इतना भयावह था कि पवन को संभलने या बचने का कोई मौका ही नहीं मिला।

गांव निवासी 20 वर्षीय पवनमजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, रोज की तरह काम पर गया था। वह गांव के मुनीश पुत्र रामसिंह के ट्रैक्टर-ट्रॉली से भूसा ढोने का काम कर रहा था।

सुबह करीब 8 बजे पवन ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर वापस लौटा। काम खत्म करने के बाद वह ट्रॉली से उतरकर दरवाजे के पास बने छज्जे के नीचे खड़ा हो गया। लेकिन उसे क्या पता था कि यही जगह उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगी।

 

मैनपुरी में फीता काटने के मामले ने पकड़ा तूल

छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर पास में मौजूद परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में पवन को बाहर निकाला गया और उसे तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज नौशेरा ले जाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पवन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक की लहर फैल गई है।

महराजगंज में फंदे से लटका मिला युवक का शव

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छज्जा गिरने के पीछे लापरवाही किसकी थी।

मृतक के भाई अमन तोमर ने भी इस घटना को लेकर गहरा दुख जताया और प्रशासन से न्याय की मांग की है। फिलहाल, इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर निर्माण और सुरक्षा में लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Budaun

Published :  8 April 2026, 5:46 PM IST