बदायूं में बड़ी लूट, शादी से लौट रहे दंपति से लूटी लाखों की रकम

यूपी के बदायूं में सोमवार को बड़ी लूट की वारदात हुई है। वारदात से लोग सहमे हैं। बदमाश सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 4 May 2026, 6:36 PM IST

Budaun: जनपद में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार दंपति को तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के दम पर लूट लिया। बदमाश सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित करीब तीन लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

ऐसे हुई वारदात

घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के नकटा बाग के पास की है। पीड़ित दंपति एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात बाइक से घर लौट रहा था। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने दंपति को ओवरटेक कर रोक लिया।

बदमाशों ने चलती बाइक के पास पहुंचकर दंपति को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद हथियार दिखाकर दंपति से लूटपाट शुरू कर दी।

पहले छीना मोबाइल, फिर लूटे जेवर

पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने सबसे पहले उसका मोबाइल छीन लिया ताकि वह तुरंत पुलिस को सूचना न दे सके। इसके बाद बदमाशों ने महिला के शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवरात और पर्स में रखी नगदी लूट ली। कुल मिलाकर करीब 3 लाख का माल लेकर तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

मोबाइल फेंककर भागे बदमाश

लूट के बाद बदमाशों ने पीड़ित का मोबाइल कुछ दूरी पर फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पीड़ित ने मोबाइल मिलने के बाद 112 पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बाद में किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई।

इलाके में दहशत

देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। शादी-ब्याह के सीजन में इस तरह की लूट की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

 

Location :  Budaun

Published :  4 May 2026, 6:36 PM IST