
गोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल ( Img: Dynamite)
Gorakhpur: जनहित और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वहीं दो थानाध्यक्षों का गैर जनपद तबादला भी किया गया है। इस कदम को जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
जारी सूची के मुताबिक निरीक्षक अंजुल कुमार चतुर्वेदी को प्रभारी निरीक्षक गगहा से हटाकर सिकरीगंज का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं निरीक्षक सतपाल सिंह को आरटीसी से हटाकर डायल 112 का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिससे आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक जगदीश प्रसाद पाल को गगहा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक नीरज कुमार राय को पुलिस लाइन से हटाकर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का प्रभारी बनाया गया है, जो अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निरीक्षक संदीप यादव, जो अब तक रिट सेल के प्रभारी थे, उन्हें बेलघाट का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं बेलघाट के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विकासनाथ का स्थानांतरण जनपद देवरिया कर दिया गया है। इसी तरह सिकरीगंज के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक आशीष तिवारी को भी देवरिया भेजा गया है।
महाराजगंज में लव, सेक्स और धोखा: महिला ने पुलिस को सुनाई दर्दभरी आपबीती
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल पूरी तरह रणनीतिक है, जिसका उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप बनाना है। विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को नई मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी स्थानांतरित कर्मियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल अपने नए पद पर कार्यभार ग्रहण करें और आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि आदेश की अवहेलना या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गैस सिलेंडर की किल्लत से गोरखपुर में सियासत गरमाई, कांग्रेस का हाई वोल्टेज प्रदर्शन
इस बड़े फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस बदलाव के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
Location : Gorakhpur
Published : 31 March 2026, 9:46 AM IST