नोएडा में बारिश के कारण iForte बिल्डिंग में बड़ा हादसा, दो गाड़ियां मलबे में दबी

नोएडा सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा भारी बारिश के बीच अचानक गिर गया। मलबे की चपेट में आकर दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 July 2026, 1:33 AM IST

Noida Desk: भारी बारिश के बीच नोएडा के सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मलबा सीधे नीचे खड़ी दो कारों पर आ गिरा, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मलबे की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया, जिससे जनहानि नहीं हुई।

मुख्य गेट तक पहुंचा मलबा

यह घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज बारिश के दौरान बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। मलबा कंपनी के मुख्य गेट तक फैल गया, जिससे गेट और उसके ऊपर की सीलिंग को भी नुकसान पहुंचा। नीचे खड़ी दो कारें मलबे की चपेट में आ गईं और उन्हें भारी नुकसान हुआ। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर खुद को बचाया।

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित कराने और आसपास लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और यह भी जांच की जा रही है कि बिल्डिंग का हिस्सा किस कारण से गिरा।

Location :  Noida

Published :  10 July 2026, 1:32 AM IST