Mainpuri: 12 साल पहले पति को खोया, अब अपनों के बीच छिपा था ऐसा दर्द! सच सामने आया तो विधवा पहुंची SP के पास

मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने देवर समेत चार लोगों पर अभद्रता, मारपीट, उत्पीड़न और झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। एसपी ने थाना पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 August 2026, 11:26 AM IST

Mainpuri: मैनपुरी में एक विधवा महिला ने अपने ही परिवार के लोगों पर उत्पीड़न, अभद्रता और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कुर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम विरसिंहपुर निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला के आरोपों के बाद मामला चर्चा में है।

देवर-ननद समेत चार लोगों पर आरोप

पीड़िता सुमन, पत्नी स्वर्गीय संजीव, का आरोप है कि उसके साथ लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। महिला के मुताबिक, उसके देवर रामू, ननद विमला और रीमा समेत चार लोगों द्वारा उसे परेशान किया जा रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और विवाद किया जाता है।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

शिकायती पत्र के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे पीड़िता की ननद की पुत्री रीमा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान रीमा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच पीड़िता का देवर रामू भी मौके पर पहुंच गया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसे धक्का दिया गया, जिससे वह जमीन पर गिर गई।

झूठी कहानी बनाकर फंसाने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उसकी ननद विमला, देवर रामू और रीमा ने मिलकर उसके खिलाफ झूठी कहानी तैयार की और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। महिला का कहना है कि उसके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।

Balrampur: तुलसीपुर की सियासत में आया नया मोड़, भानू तिवारी की एंट्री से किसका बिगड़ेगा खेल?

पति की मौत के बाद से उत्पीड़न का दावा

महिला ने बताया कि उसके पति संजीव की वर्ष 2014 में कैंसर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद से वह परिवार में अकेले जीवन गुजार रही है। पीड़िता का दावा है कि इसके बाद से ही उसे लगातार तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है।

सात हजार रुपये को लेकर भी विवाद

शिकायत में महिला ने अपनी ननद विमला पर सात हजार रुपये वापस नहीं करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि जब वह अपने रुपये वापस मांगती है तो उसके साथ विवाद किया जाता है और मारपीट की धमकी दी जाती है।

’10 मिनट’ का झूठा वादा और डेढ़ घंटे का इंतजार… पिता की गोद में बेटे ने तोड़ा दम, आजमगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएं की खुली पोल

SP ने दिए जांच के निर्देश

पीड़िता के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने महिला को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देते हुए थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Location :  Mainpuri

Published :  7 August 2026, 11:26 AM IST